ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे, सहारनपुर में कूल-कूल फीलिंग; भीषण गर्मी से राहत के लिए अनोखी पहल

हिन्दुस्तान, संवाददाता, सहारनपुर
Follow us on Google News
share

सहारनपुर में भीषण गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाने शुरू किए हैं। इससे ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को धूप और गर्म हवाओं से राहत मिलेगी। शहर में नए कूलर भी लगाए गए हैं।

ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे, सहारनपुर में कूल-कूल फीलिंग; भीषण गर्मी से राहत के लिए अनोखी पहल

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सहारनपुर में लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने देश में अनोखी पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाए जा रहे हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिल सके। बताया जा रहा है कि इस तरह की व्यवस्था लागू करने वाला सहारनपुर देश के चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है। महापौर डॉ. अजय कुमार और नगर आयुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम ने शहर के व्यस्त चौराहों को “कूल जोन” में बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रीन नेट के जरिए धूप की तीव्रता कम की जाएगी, जबकि मिस्ट स्प्रे सिस्टम से निकलने वाली पानी की हल्की फुहार लोगों को ठंडक का एहसास कराएगी।

चौराहों पर ग्रीन नेट और मिंट स्प्रे की पहल

महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में ट्रैफिक सिग्नल पर लोगों को कई मिनट तक धूप में खड़ा रहना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए यह नई व्यवस्था शुरू की गई है। उनका कहना है कि इससे तापमान में कमी महसूस होगी और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। नगर निगम ने शहर में शीतल पेयजल व्यवस्था भी मजबूत की है। पहले से चल रहे 38 कूलरों के अलावा 15 नए स्थानों पर भी कूलर लगाए गए हैं। महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार के अनुसार कलक्ट्रेट, दीवानी कचहरी, हसनपुर चौराहा, घंटाघर और हॉस्पिटल चौराहे समेत कई प्रमुख स्थानों पर ग्रीन नेट और मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी जगहों पर अगले दो दिनों में व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी।

भीषण गर्मी में घर में कैद हुए लोग

आपको बता दें भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने सहारनपुर में लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। 43 डिग्री तापमान के बीच दोपहर में शहर की सड़कें सूनी नजर आईं। चिलचिलाती धूप और तपती हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजारों और चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही, जबकि कारोबार पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने हालात और मुश्किल कर दिए। शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। गर्मी के कारण वाहनों की आवाजाही भी सामान्य दिनों से कम दिखाई दी।

सहारनपुर में पारा 44 डिग्री के पार

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। रविवार से लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी और बुधवार तक पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन गर्मी और लू का असर अभी भी बरकरार है।

दोपहर में सड़क पर सन्नाटा

भीषण गर्मी और लू के चलते दोपहर के समय लोग घरों में ही कैद रहे। बाजारों में दुकानदार ग्राहक का इंतजार करते नजर आए। सड़क किनारे रेहड़ी और ठेली लगाने वालों को भी गर्मी के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। तेज धूप के चलते राहगीर छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखाई दिए

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।