सुलतानपुर रोड से जुड़ेगा ग्रीन कॉरिडोर, बनेगी 4 लेन की सड़क, लखनऊ में 10 लाख की आबादी को लाभ
यूपी की राजधानी लखनऊ में सुलतानपुर रोड से ग्रीन कॉरिडोर जुड़ेगा। इसके लिए सेना की भूमि से लेकर मरी माता मंदिर तक 4 लेन की सड़क बनाई जाएगी। लगभग 10 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

UP News: यूपी की राजधानी लखनऊ में पिपराघाट से शहीद पथ के मध्य आकार ले रहा ग्रीन कॉरिडोर अब सुलतानपुर रोड से भी कनेक्ट होगा। इसके लिए सेना की भूमि से लेकर मरी माता मंदिर तक 4 लेन की सड़क बनाई जाएगी। इससे गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और लगभग 10 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को कॉरिडोर के निर्माणाधीन हिस्सों को देखा और जरूरी निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण के अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ के मध्य बंधा एवं सड़क निर्माण, फ्लाईओवर व ब्रिज का कार्य कराया जा रहा है। इस रूट को और अधिक प्रभावी व लोगों के लिए उपयोगी बनाने के उद्देश्य से इस कॉरिडोर को सुलतानपुर रोड से सीधे जोड़ने का भी कार्य कराया जाएगा। सेना की जमीन पर निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से सुलतानपुर रोड स्थित मरी माता मंदिर तक सड़क बनाई जाएगी। लगभग 1800 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
नए रूट से बड़ी आबादी को होगा फायदा
उपाध्यक्ष ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए टेंडर के माध्यम से कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द ही स्थल पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिसके लिए सम्बंधित अभियंताओं को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर से सुलतानपुर रोड के मध्य यह नया रूट बनने से पुलिस मुख्यालय, ओमैक्स, इमार टाउनशिप समेत गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और बड़ी संख्या में लोग लाभन्वित होंगे।
15 जून तक पूरा होगा डालीगंज आरओबी
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत पक्का पुल से डालीगंज के मध्य बनाए जा रहे 1.5 किलोमीटर लंबे आरओबी का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उनके बताया कि रेलवे से एनओसी प्राप्त हो गई है। उपाध्यक्ष ने 15 जून तक आरओबी का निर्माण पूर्ण कराकर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। आरओबी चालू होने से खदरा, सीतापुर रोड, चौक, हुसैनाबाद, बसंतकुंज की आबादी को लाभ मिलेगा।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें

