दादाजी बीमार थे, चाचा-चाची ने बनवा ली फर्जी वसीयत, अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह ने सात लोगों पर दर्ज कराई एफआईआर
अलीगढ़ में अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह की पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा विवाद बढ़ता जा रहा है। शनिवार को अभिनेता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनके चाचा-चाची ने फर्जी वसीयत बनवाई है।

Aligarh News: यूपी के अलीगढ़ में अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह की पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा विवाद बढ़ता जा रहा है। शनिवार को अभिनेता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनके चाचा-चाची ने फर्जी वसीयत बनवाई है। जिसकी मुख्य गवाह उनकी बुआ हैं। जिस तारीख में वसीयत बनाना दर्शाया गया है, उस समय दादाजी गंभीर रूप से बीमार थे और वसीयत बनाने की स्थिति में ही नहीं थे। अभिनेता ने थाना रोरावर में अपने भाई के साथ पुलिस के समक्ष बयान भी दर्ज कराए। अभिनेता ने चाचा-चाची समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके परिवार का संपत्ति विवाद हवेली जलालपुर एस्टेट से जुड़ा हुआ है। अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह का आरोप है कि उनकी चाची और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर उनकी करोड़ों रुपये की पुश्तैनी कृषि भूमि और ऐतिहासिक हवेली को हड़पने और अवैध रूप से बेचने की कोशिश की है। उनके दादा स्वर्गीय हरेंद्र पाल सिंह के नाम की एक फर्जी और अपंजीकृत वसीयत तैयार की गई। अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनकी मां ने इससे पहले डीएम और एसएसपी से मिलकर इस मामले में न्याय की गुहार लगा चुके हैं।
पुश्तैनी कृषि भूमि को अवैध तरीके से बेचा
शनिवार को पत्रकारवार्ता के दौरान चंद्रचूड़ सिंह ने कहा कि उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि को अवैध तरीके से बेचा गया है। यह हमारी पुश्तैनी जमीन है, जिसने 30 साल तक हमारा पालन-पोषण किया। हमारे दादाजी स्वर्गीय हरेंद्र पाल सिंह अलीगढ़ में गंभीर रूप से बीमार थे और वह वसीयत बनाने की बिल्कुल भी हालत में नहीं थे। उस समय हमारी बुआ इस बात की मुख्य गवाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दादाजी के निधन के बाद उनके चाचा और चाची ने मिलकर एक फर्जी और अवैध वसीयत तैयार की। इसी फर्जीवाड़े के आधार पर परिवार की इस बहुमूल्य संपत्ति को हड़पने और बेचने का प्रयास किया गया है। इस मामले में चाची सहित सात लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है। अभिनेता ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सात लोगों के नाम दिए गए हैं, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर इसमें और भी कई नाम सामने आएंगे। इन लोगों पर जमीन बेचने, साजिश रचने और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के गंभीर आरोप हैं।
पुलिस के सामने दर्ज कराए बयान
पैतृक संपत्ति के एक मामले में फिल्म अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह और उनके भाई अभिमन्यु सिंह ने पुलिस जांच अधिकारी के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए हैं। यह पूरा मामला करोड़ों रुपए की पुरानी हवेली और पुश्तैनी जायदाद पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा हुआ है। अभिमन्यु सिंह की शिकायत के अनुसार, उनकी चाची समेत सात लोगों पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है। थाना रोरावर पुलिस ने इस मामले में गायत्री देवी, जय सिंह और अंजनी सिंह सहित कुल सात नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सीओ संजीव कुमार का कहना है कि पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और निष्पक्ष जांच के तहत जल्द ही अन्य पक्षों और गवाहों के भी बयान लिए जाएंगे।


