पतंग के लिए दौड़ा पोता, बचाने पहुंचे दादा; हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दोनों की मौत

लाइव हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
Follow us on Google News
share

बुलंदशहर में पतंग बचाने में एक मासूम हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। यह देख दादा जब बचाने पहुंचे तो वह भी करंट से झुलस गए। इस हादसे में पहले दादा की फिर बाद में पोते की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों की मौत से परिवार में मातम पसर गया।

यूपी के बुलंदशहर से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां पतंग बचाने के प्रयास में बिजली की चपेट में आए 12 साल पोते को बचाने के लिए दौड़े दादा की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। दादा की मौत के बाद अब पोते की भी जान चली गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम पोते ने भी शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसर गया है।

ये घटना ​खुर्जा नगर के मोहल्ला बुर्ज उस्मान का है। जहां शुक्रवार को 12 साल अहद अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान उसकी पतंग पास ही स्थित बिजली के पोल के तारों में फंस गई। पतंग निकालने के लिए अहद लोहे की रॉड लेकर पोल के पास पहुंचा, जहां वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बिजली का जोरदार झटका लगते ही मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। ​​अहद को तड़पता देख पास ही मौजूद उसके 65 साल के दादा इसरार घबराकर उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान वे भी बिजली की चपेट में आ गए। चीख-पुकार मचने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दादा इसरार को मृत घोषित कर दिया। ​अहद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। वहां मौत से संघर्ष करते हुए शुक्रवार देर रात अहद ने भी दम तोड़ दिया।

​पूरे मोहल्ले में छाया मातम

​दादा और पोते की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को जब अहद का शव घर पहुंचा, तो पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। भारी संख्या में स्थानीय लोगों और शोकाकुल परिजनों की मौजूदगी में दादा और पोते को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फर्राटा पंखा में उतरा करंट, महिला की मौत

उधर, हरदोई जिले के ग्राम नस्यौली गोपार में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के वक्त महिला घर में पोछा लगा रही थीं। तभी फर्राटा पंखे से करंट उतर आया। गंभीर झुलसी सबीना को अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मां को बचाने में बेटे को भी झटका लगा।

नस्यौली गोपार के रहने वाले छोटे भैया पेशे से कपड़ा व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:15 बजे उनकी पत्नी सबीना कमरे में पोछा लगा रही थीं। उस समय छोटे भैया अपने तीनों बेटों साहिल (18), खालिद (17) और शाहिद (15) के साथ खेत पर धान की रोपाई करने गए हुए थे। 15 मिनट बाद सुबह साढ़े 9 बजे जब परिवार के सदस्य काम निपटाकर घर लौटे तो बड़ा बेटा साहिल कमरे में गया। वहां उसने देखा कि उसकी मां सबीना फर्राटा पंखे के ऊपर गिरी हुई थीं। साहिल ने जैसे ही अपनी मां को उठाने की कोशिश की तो पंखे से आ रहे तेज करंट का झटका उसे भी लगा। साहिल के चिल्लाने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। सूखी लकड़ी की मदद से सबीना को पंखे से अलग किया। तब तक सबीना करंट से बुरी तरह झुलस चुकी थीं। अस्पातल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।