
ग्राम प्रधान ने भाई के खाते में ट्रांसफर कर दिए विकास कार्यों के लाखों रुपए, खेल खुला तो ऐक्शन
यूपी के एक ग्राम पंचायत में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां के ग्राम प्रधान विकास कार्यों के रुपए अपने भाई के खात ट्रांसफर किए गए हैं। मामला सही पाए जाने पर प्रधान पर ऐक्शन हुआ है। अब ग्राम प्रधान को मामले में कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
यूपी के सुलतानपुर में बल्दीराय विकासखंड की ग्राम पंचायत सिंघनी में विकास कार्यों में बड़ी अनियमितता का मामला प्रकाश में आया है। शिकायत के बाद जिला कृषि अधिकारी को जांच डीएम की ओर से सौंपी गई थी। जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई। पाया गया कि कंपोजिट विद्यालय की मरम्मत और अन्य विकास कार्यों के मद के लाखों रुपए ग्राम प्रधान ने अपने भाई के खाते में ट्रांसफर कर दी। अब ग्राम प्रधान को मामले में कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
ग्रामीण प्रवीण कुमार सिंह की शिकायत पर जांच में ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्य में अनियमितता का मामला प्रकाश में आया। 6 अगस्त को जिला कृषि अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। जिला कृषि अधिकारी द्वारा प्रकरण की जांच कर 9 अक्टूबर को आख्या उच्च अधिकारियों को प्रस्तुत की गई थी।
जांच आख्या का परीक्षण करने पर ग्राम प्रधान पर ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्य में अनियमितता की पुष्टि हुई थी। ग्राम पंचायत के सुभाष यादव के खाते में खड़ंजा मरम्मत कार्य, कंपोजिट विद्यालय, पेंटिंग वॉल राइटिंग, पंचायत भवन, इंटरलॉकिंग कार्य, कंपोजिट विद्यालय में शौचालय मरम्मत, सामुदायिक शौचालय मरम्मत कार्य, जूनियर विद्यालय में गेट निर्माण कार्य, हैंड पंप मरम्मत कार्य, कंपोजिट विद्यालय सिंघनी में मरम्मत कार्य का पैसा ग्राम प्रधान ने अपने भाई सुभाष यादव के खाते मे 2,69,275.00 का भुगतान करा दिया है।
ग्राम प्रधान के भाई के खाते में मजदूरी की धनराशि का भुगतान होने पर अनियमितता की श्रेणी में पाया गया। इसके अलावा स्कूल कायाकल्प कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्र का मरम्मत कार्य में पत्रावलियों में श्रमिकों पर व्यय किया गया भुगतान ग्राम प्रधान के भाई के खाते में होना पाया गया। इस कार्य में इस्टीमेट, टेंडर स्वीकृति आदेश एवं मस्टर रोल पर कराए गए कार्य की तिथि का अंकन नहीं था। ग्राम पंचायत सिंघनी में सामुदायिक शौचालय का मरम्मत कार्य का भुगतान दीपू ट्रेडर्स, शक्ति ट्रेडर्स के खाते में किया गया जिस पर तारीख का अंकन नहीं था।
बिना कोटेशन व टेंडर का भुगतान किया गया
आरसीसी निर्माण कार्य में भी बिना कोटेशन व टेंडर का भुगतान किया गया था। गांव सभा में पिंटू के दरवाजे पर स्थापित नीम के पेड़ के चारों तरफ चबूतरे के निर्माण में भी अपने भाई के खाते में भुगतान किया गया था। ग्राम पंचायत सिंघनी में विकास कार्यों में शासकीय धनराशि 35310.00 रुपए का दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितता की गई है। भाई के खाते में शासनादेशों एवं प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए प्रथम दृष्टि उत्तरदायी माना गया है। ग्राम प्रधान को आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण 15 दिवस के अंदर जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
कड़ी कार्रवाई होगी
बीडीओ विमलेश त्रिवेदी ने बताया कि सिंघनी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितत की शिकायत की गई थी। जिसमें जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई है। अब ग्राम प्रधान के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। स्पष्टीकरण के बाद दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।





