राज्यपाल आनंदीबेन ने दीक्षांत समारोह में एलयू की कई कमियां गिनाईं, सुधारने के निर्देश भी दिए
राज्यपाल आनंदीबेन ने दीक्षांत समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय की कई कमियां गिनाईं। उन्होंने छात्रावास आवंटन, छात्रावासों की कमियों, शुद्ध पेयजल की दिक्कतों को विशेष तौर से सभी के समक्ष रखा और जल्द से जल्द उसे दूर करने के निर्देश दिए।

लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कई प्रमुख कमियों को उजागर किया। उन्होंने छात्रावास आवंटन, छात्रावासों की कमियों, शुद्ध पेयजल की दिक्कतों को विशेष तौर से सभी के समक्ष रखा और जल्द से जल्द उसे दूर करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि विवि दो परिसर में है। एक पुराना और दूसरा नया। कुल छात्रावास 18 हैं। जिनमें से नौ पुरुष और नौ महिला छात्रावास हैं। 3100 से ज्यादा विद्यार्थी छात्रावास में रहकर पढ़ाई करते हैं। जिनमें 1800 से अधिक छात्राएं हैं। अभी तक सभी छात्रावास खाली हैं। लगता है कि नया सत्र शुरू ही नहीं हुआ है, इसलिए आवंटन नहीं हुआ है। मेस भी शुरू नहीं हुआ है। राज्यपाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे पास कई फरियाद आती है कि सत्र शुरू होते ही विद्यार्थी आ जाते हैं, लेकिन इसकी वजह से उन्हें होटल या कहीं और रुकना पड़ता है।
राज्यपाल ने कहा कि मेस भी अभी शुरू नहीं हुआ है, इसलिए गोल्डन जुबली और बीरबल साहनी छात्रावास में रह रहे कुछ छात्र खुद का खाना बना रहें। पांच छात्रावासों में वाशिंग मशीन की सुविधा नहीं है। 12 छात्रावासों में वाई-फाई की सुविधा नहीं है और है तो वहां चल नहीं रहा। पनीर और दूध के प्रोडक्ट लोकल वेंडर से लिया जा रहा है, अमूल जैसे ब्रांड का लिया जाना चाहिए। राज्यपाल ने बताया कि कंप्यूटर साइंस, वनस्पति विज्ञान विभाग और टैगोर लाइब्रेरी के सामने साफ-सफाई की जरूरत है। विवि में स्क्रैप काफी मात्रा में है। उसकी जल्द से जल्द नीलामी की जाए। फायर सेफ्टी के साधन काफी पुराने हैं और अधिकतर साधन की एक्सपायरी डेट हो चुकी है। कोई घटना हो गई तो क्या करोगे। कैंपस में पीने के शुद्ध पानी के लिए आरओ की सुविधा संतोषजनक नहीं है। इसके अलावा ई-ऑफिस बनाने, खेल गतिविधियों और पुस्तक लेखन के कार्य को सराहा।
कुलाधिपति ने कई नसीहतें दी
1. गोद लिए गए पांच गांवों में विवि आयुष्मान योजना बनाने के लिए अभियान चलाए।
2. वर्षा जल संचयन का प्रभावी उपाय अपनाएं।
3. मॉनसून में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखें।
4. एक साथ सात से 11 लोगों की हत्या, दहेज न मिलने से हत्या करने, माताओं-पत्नियों की पिटाई और दुष्कर्म करने वाले लोगों पर बात करते हुए जेलों में जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए।


