यूपी के 2 करोड़ नौजवानों को टैबलेट बांटेगी सरकार; खुले मंच से CM योगी का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के मझौलीराज में 305 करोड़ की 80 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया। उन्होंने यूपी के दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने, एक लाख नौकरियां निकालने का ऐलान किया। जल्द 45 हजार होमगार्ड, 36 हजार पुलिसकर्मी और 30 हजार अन्य पदों पर नियुक्तियां होंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया की मझौलीराज में सलेमपुर और भाटपारानी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 305 करोड़ की 80 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यूपी के दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट दिया जाएगा। साथ ही एक लाख नौकरियां निकाली जाएंगी। पिछले 9 साल में साढ़े नौ लाख लोगों को सरकारी नौकरी प्रदेश सरकार दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि नौकरियों की कमी नहीं है। जल्द ही 45 हजार होमगार्ड, 36 हजार पुलिस (4 हजार सब इंस्पेक्टर) की भर्ती होगी। उप्र पब्लिक सर्विस कमीशन के तहत अलग-अलग विभागों में 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। शिक्षकों की भर्ती भी करेंगे। यूपीटीईटी की परीक्षा में 13 लाख नौजवान उत्तीर्ण हुए हैं। इस भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी होने वाला है। इन नौजवानों के लिए भी जल्द ही नौकरी का खजाना निकलने वाला है।
दो करोड़ नौजवानों को टेबलेट देंगे
सीएम ने कहा कि दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट देंगे। 50 लाख से अधिक नौजवान पा चुके हैं, 25 लाख का फिर से ऑर्डर दिया गया है। स्नातक अंतिम वर्ष के सभी बच्चे को टैबलेट देंगे। अब नौकरी में अब कोई सेंध नहीं लगा पाता, सपा मुखिया को इसी बात की चिढ़ है। अब हर जिले के नौजवानों को नौकरी मिलती है। नौजवान के लिए हर जगह नौकरी, रोजगार व स्वरोजगार है। हर न्याय पंचायत स्तर पर डिजिटल इंटर प्रेन्योर के रूप में नौजवान को कार्य देंगे।
'सच्चाई बताने पर पत्रकारों के गले पर तलवार रखते थे'
सीएम योगी ने सपा अध्यक्षअखिलेश यादव की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा किया। उन्होने कहा कि सपा के ‘बबुआ’ 12 बजे सोकर उठते हैं। इससे उनका दिमाग भारी रहता है और वह झुंझलाते हैं। पत्रकारों के सवाल पर वो गालीगलौज और हाथापाई करने पर उतारू होते हैं। मैंने सुना कि अखिलेश यादव ने एक बार पत्रकार के गले पर तलवार रख दिया था। मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में है। यदि कोई सरकार-प्रशासन गलत करता है तो मीडिया ध्यानाकर्षण करती है, लेकिन जब मीडिया ने बबुआ की सच्चाई उजागर की तो उन्होंने पत्रकार के गले पर तलवार रख दी।
सपा का जनता दल जैसा हाल होगा
सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, जिसमें एक ही परिवार के सब लोग मिलेंगे। सपा मुखिया कहते हैं कि एक ही परिवार के पांच सांसद हैं, इसलिए पार्टी बची है। हमने कहा कि खैर मनाइए कि सपा बची है, वरना हाल ऐसे ही होंगे जैसे जनता दल के हुए थे।
जेपीएनआईसी के नाम पर हुई लूट
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा ने अपनी विचारधारा के संस्थापक को भी नहीं छोड़ा। प्रदेश में जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर के नाम पर करोड़ों की लूट हुई है। लखनऊ में बने जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) की प्रारंभिक लागत 200 करोड़ थी। सपा ने इस पर 864 करोड़ खर्च कर दिया, तब भी यह अधूरा रहा। यह 200 करोड़ ‘सैफई सिंडिकेट’ का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता का पैसा है। जनता का पैसा यह पानी की तरफ बहाते थे। यदि अब सरकार उस पर पैसा लगाएगी तो कम से कम 150-200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। समाजवादी पार्टी खजाने से 900-1000 करोड़ खर्च करके जेपीएनआईसी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को देना चाहते थे।
'खजाने में डकैती डालने का पाप करने वाले मांगें माफी'
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा की मंशा थी कि सरकार के पैसे से बने जेपीएनआईसी को प्रा. लि. कंपनी चलाएगी। इसमें होटल, क्लब, जिम आदि रहेगा और कमाई भी घर में ही जाएगी। इस घर के अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और इनके शागिर्द प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाकर प्रदेश के खजाने पर डकैती डाल रहे थे। 2017 में हमारी सरकार आई तो हमने उसे लखनऊ विकास प्राधिकरण को दे दिया, एलडीए ने जांच कराई। रिपोर्ट आने के बाद विज्ञापन निकाला। सरकार से हम अब उस पर पैसा खर्च करने को तैयार नहीं थे बल्कि जो पैसा खर्च हुआ है, वह सरकार के खजाने में आए। इसके लिए सरकार ने व्यवस्था प्रारंभ की है। जिस पैसे से युवाओं को रोजगार, गांव की कनेक्टिविटी के लिए फ्लाईओवर, इनोवेशन सेंटर, विश्वविद्यालय आदि बनते, अपनी अय्याशी के लिए प्रदेश के उस खजाने में डकैती डालने के लिए सपा मुखिया को जनता से माफी मांगनी चाहिए।


