खेल-विज्ञान से कारोबार तक युवा लिख रहे सफलता की इबारत
Gorakhpur News - युवा दिवस पर विशेष युवा दिवस पर विशेष -------- -अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमक बिखेर रहे गोरखपुर के युवा -अंतरराष्ट्रीय स्टैंड फोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञा

युवा दिवस पर विशेष - अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमक बिखेर रहे गोरखपुर के युवा - अंतरराष्ट्रीय स्टैंड फोर्ड विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की सूची में हैं गोरखपुर का युवा - विश्व में दो फीसदी वैज्ञानिकों की सूची जारी करती है स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी - गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के डॉक्टर अंबरीश श्रीवास्तव है सूची में शामिल - पैरा पावर लिफ्टर विनय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जनपद का मान - बांसगांव का लाल कमजोर पांव के बावजूद उठा रहा भार गोरखपुर, हिन्दुस्तान टीम। खेल-विज्ञान से लेकर कारोबार तक में युवा सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। यह सफलता केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यह परचम लहरा रहा है।
कोई युवा वैज्ञानिक बनकर विश्व स्तर पर डीडीयू का नाम रोशन कर रहा है, तो कोई पैरा पावर लिफ्टर बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। वहीं, बांसगांव का लाल कमजोर पांव होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारा और वजन उठाकर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इनके अलावा ‘गोल्डेन गर्ल’ बैडमिंटन की सनसनी आदित्या यादव डेफ ओलंपिक जैसी विश्व स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मस्तक ऊंचा किया है। --------- ऊर्जा का सबसे बड़ा विकल्प बनेगा हवा में मौजूद हाइड्रोजन दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान के सहायक आचार्य डॉ अम्बरीश कुमार श्रीवास्तव को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय ने लगातार दो वर्ष विश्व के दो फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया है। वह इस सूची में शामिल होने वाले पूर्वी यूपी के सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक हैं। उनका रिसर्च सुपर अल्कली पदार्थ से हाइड्रोजन के भंडारण पर चल रहा है। हाइड्रोजन को स्टोर करने में वह सफल रहे हैं। यह डीजल, पेट्रोल, कोयला और परमाणु चलित ईंधन का भी विकल्प बन सकता है। डॉ. अम्बरीश 27 एच-इंडेक्स और 2400 के उद्धरण सूचकांक के साथ अंतरराष्ट्रीय ख्याति के विभिन्न शोध-पत्रिकाओं में 150 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। अब तक 50 से अधिक शोध पत्रों की समीक्षा कर चुके हैं। वह केमिकल फिजिक्स और फिजिकल केमिस्ट्री अनुभाग के लिए फ्रंटियर इन फिजिक्स के एसोसिएट एडिटर हैं। उन्हें राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, भारत द्वारा प्रतिष्ठित एनएएसआई-यंग साइंटिस्ट प्लेटिनम जुबली अवार्ड - 2022 प्राप्त हुआ है। डॉ. श्रीवास्तव को 2024 में भारतीय विज्ञान अकादमी, बेंगलुरु के एसोसिएट के रूप में चुना गया है। ---- महज 30 की उम्र में श्रेय ने दिया 65 को रोजगार शहर के दीवान बाजार में रहने वाले आभूषण कारोबारी विनय जैन के पुत्र श्रेय जैन ने नोएडा के एक बड़े संस्थान से एमकॉम किया। उन्होंने खुद का अलग कारोबार की चाह में 2023 में करीब 5 करोड़ रुपये के निवेश से प्लास्टिक बॉटल का प्री-फार्म बनाने की यूनिट स्थापित की। सिर्फ 30 साल की उम्र में श्रेय ने 65 से अधिक लोगों को सीधा रोजगार दिया है। उनकी यूनिट में बनने वाले उत्पाद की सप्लाई यूपी समेत नॉर्थ ईस्ट के जिलों में है। ----- एक पांव से कमजोर, लेकिन उठा रहे भार बांसगांव पैरापावरलिफ्टर विनय एक पांव से कमजोर होने के बावजूद देश के लिए अंतरराष्ट्रीय पदक लाकर देश और जिले का नाम रोशन किया है। दूसरी ओर बैडमिंटन की सनसनी आदित्या यादव डेफ ओलंपिक जैसी विश्व स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मस्तक ऊंचा किया है। सहजनवा क्षेत्र के गोरखनाथ यादव तलवारबाजी में गोरखपुर को विश्व फलक पर चमका रहे हैं। वहीं, पैरा बैडमिंटन में शिवम यादव व हैंडबॉल में अनन्या यादव और मानवेंद्र यादव ने भी देश का नाम रोशन किया है। वहीं, पहलवानी में अनूप यादव, अंशिका यादव व विजय यादव आदि पहलवान भी विश्व पटल पर भारतवासियों को गर्व का एहसास करा चुके हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




