फेसबुक से दोस्ती कर ट्रेडिंग के नाम पर 18 लाख की साइबर ठगी

Feb 15, 2026 05:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share

Gorakhpur News - कैंपियरगंज के सहावनखोर निवासी आनंद प्रकाश यादव से फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट के जरिए ₹18 लाख की साइबर ठगी हुई है। जालसाजों ने 'निधि मिश्रा' बनकर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दिया और विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

फेसबुक से दोस्ती कर ट्रेडिंग के नाम पर 18 लाख की साइबर ठगी

कैंपियरगंज क्षेत्र में एक युवक से 18 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। फेसबुक पर आई एक अज्ञात युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करना युवक को भारी पड़ गया। ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने उससे विभिन्न बैंकों के खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, कैंपियरगंज क्षेत्र के सहावनखोर गांव निवासी आनंद प्रकाश यादव को फेसबुक पर ‘निधि मिश्रा’ नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।

कुछ समय बाद कथित युवती ने व्हाट्सएप नंबर लेकर कॉल के जरिए संपर्क किया और ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ कमाने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि युवती ने व्हाट्सएप पर ‘हिजकॉइन शॉप’ नाम का एक लिंक भेजा, जिसके माध्यम से युवक से एक आईडी बनवाई गई। इसके बाद ‘हर्ष गोयंका’ नाम के व्यक्ति का हवाला देते हुए बताया गया कि वह ट्रेडिंग कराकर भारी मुनाफा दिलाते हैं। शुरुआत में विश्वास दिलाने के लिए युवक से 50 हजार रुपये निवेश कराए गए। कुछ दिनों बाद आरोपियों ने बताया कि निवेश पर 57 लाख रुपये का लाभ हो चुका है, लेकिन यह राशि खाते में ट्रांसफर करने से पहले 18 लाख रुपये कमीशन के तौर पर जमा करने होंगे।

अधिक मुनाफे के लालच में आकर युवक ने बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक समेत विभिन्न बैंकों के खातों में आरटीजीएस, यूपीआई और अन्य माध्यमों से अलग-अलग किस्तों में कुल 18 लाख रुपये भेज दिए। रकम ट्रांसफर करने के बाद न तो कथित मुनाफा मिला और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने साइबर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर खातों और ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।