Gorakhpur News: बीआरडी से एसी आउटडोर यूनिट चोरी करने वाला गिरफ्तार
Gorakhpur News: गुलरिहा में निर्माणाधीन बीआरडी मेडिकल कॉलेज के क्रिटिकल केयर सेंटर से एसी का आउटडोर यूनिट और कॉपर पाइप चोरी करने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में कई दिनों से चोरी की घटनाएं स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

Gorakhpur News: गुलरिहा, हिन्दुस्तान संवाद। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर से एसी का आउटडोर यूनिट और कॉपर पाइप चोरी करने के आरोप में गुलरिहा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का कॉपर पाइप और एक एसी का आउटडोर यूनिट बरामद हुआ है। पुलिस ने केस दर्ज कर शनिवार को आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बक्सर, बिहार के कोरान सराय निवासी राजेश कुमार निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट में साइट मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर के अलग-अलग भवनों से एसी के आउटडोर यूनिट, कॉपर वायर और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं।
इसके बाद निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। 28 अगस्त को क्रिटिकल केयर बिल्डिंग में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने एक व्यक्ति को एसी का आउटडोर यूनिट और कॉपर वायर खोलकर नीचे उतारते देखा। सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम रणविजय साहनी निवासी खुटहन खास टोला छावनी, गुलरिहा बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने कई दिनों से अलग-अलग भवनों से एसी की वायरिंग और अन्य पार्ट्स चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद गुलरिहा पुलिस ने साइट मैनेजर की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर पाइप और एक एसी का आउटडोर यूनिट बरामद किया गया। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


