ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरबोले योगी: जनता की कसौटियों पर खरा उतरना होगा जनप्रतिनिधियों को

बोले योगी: जनता की कसौटियों पर खरा उतरना होगा जनप्रतिनिधियों को

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नगर निगम के नये भवन समेत 216 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों को जनता चुन कर बड़ी उम्मीद से किसी भी...

बोले योगी: जनता की कसौटियों पर खरा उतरना होगा जनप्रतिनिधियों को
गोरखपुर वरिष्ठ संवाददाता,गोरखपुर Sun, 17 Nov 2019 09:41 AM
ऐप पर पढ़ें

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नगर निगम के नये भवन समेत 216 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों को जनता चुन कर बड़ी उम्मीद से किसी भी सदन में भेजती है। लोकतंत्र में निचले स्तर की स्थानीय निकाय भी मजबूत स्तंभ होती हैं। जन प्रतिनिधियों को जनता की आकांक्षाओं व अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरना होगा। चुने जाने के बाद खुद को सीमित दायरे में बांध कर रखने वाले जनप्रतिनिधि खुद दरकिनार कर दिए जाते हैं। 
नगर निगम परिसर में आयोजित शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में गोरखपुर के लोगों को योजनाओं की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि  निगम का मौजूदा भवन 122 साल पुराना है। अब इसे नया भवन मिल रहा है। नया भवन आने वाले सौ साल के भविष्य को देखते हुए बनेगा और इसमें सदन के अलावा अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम जन के लिए सभी तरह की सुविधाएं मौजूद होंगी। मुख्यमंत्री ने पुराने भवन को म्यूजियम के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया। कहा कि पहले गोरखपुर जब छोटा टाउन एरिया होगा तब से अबतक के विकास का सारा लेखाजोखा इस भवन में होगा। अतीत का आईना होगा। यह भी अपील करूंगा कि जनप्रतिनिधि नये भवन में सदन में भाग लेने से पूर्व इसका अवलोकन करें ताकि उन्हें गौरवशाली अतीत व विकास की सीढ़ी दर सीढ़ी आगे बढ़ने का हर समय भान होता रहे। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि नया बनने वाला भवन गुणवत्ता पूर्ण व ऐसी वास्तु तथा डिजाइन का बने ताकि यह आगे 150 सालों तक कार्य करे। उस समय तक शहर और निगम की क्षमता बढ़ने के हिसाब से इसे बनाना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया भवन तीन साल में बन जाना चाहिए। मंडलायुक्त, निगम व प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि जो भी नया निर्माण हो रहा है, उसमें गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सड़कें 15 से 20 साल तक जरूर चलें। महानगरवासियों से अपील की कि गोरखपुर का विकास आप ही के सहयोग से हो रहा है। लोग जहां रहते हैं, जहां हमारा घर है, उससे आत्मीयता से जुड़ें व प्रेम करें। किसी को उस शहर या गांव के साथ गलत करने की अनुमति न दें। खुद भी उसकी सुरक्षा व स्वच्छता का ध्यान रखें। लोगों के आत्मीयता से जुड़ने की ही देन है आज गोरखपुर बीस साल पहले वाले पहचान माफिया व मच्छर से मुक्त है। 

खैरात मानकर या बोट बैंक के चलते न दें कंबल 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में निराश्रितों को कंबल देने के लिए बजट भेज दिया गया है। यह पर्याप्त है। अफसर सभी जनप्रतिनिधियों के समन्वय से इसे जरूरतमंदों में बंटवाएं। कोई भी जनप्रतिनिधि किसी को खैरात या वोट बैंक मानकर कंबल न दे। ऐसा करने वालों को पाप लगेगा। महानगर के पार्षदों से अपील की कि वह अधिकारियों के साथ रात में निकलें और जरूरतों को देखकर इसका वितरण कराएं। जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराने वाले ही पुण्य के भागी बनेंगे। 

इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशनों का भी हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महानगर को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए यहां जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचलन शुरू होगा। इन बसों के लिए यहां चार्जिंग स्टेशनों का भी शिलान्यास हुआ है। प्रदेश में अभी 100 बसें मंगाई गई हैं। जल्द ही 7 सौ बसें और आएंगी, इनमें से गोरखपुर को भी बसें मिलेंगी। इसके अलावा कचहरी बस स्टैंड का भी लोकार्पण हुआ, जहां दो साल से बसों का संचलन ठप था। 
 
फुटपाथों पर न तो ठेले लगें और न ही कोई सोए
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में शुरू हुए प्रयोग के तहत किसी भी महानगर में फुटपाथों पर न कोई सोए और ठेले आदि लगें। इसकी व्यवस्था प्रशासन को करनी है कि ऐसे लोगों को रैन बसेरे में पहुंचाए। वार्डवार इसकी व्यवस्था के लिए नोडल अफसर तैनात किए गए जाएं। रैन बसेरे में पूरा इंतजाम होना चाहिए। 

500 परिवारों को मिली आवास की चाबी
नगरीय विकास अभिकरण की ओर से बनवाए गए पीएम आवास के 500 लाभार्थियों को मकान की चाबी सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने इसकी शुरूआत खुद अपने हाथों से 20 लाभार्थियों को चाबी सौंप कर की। कहा कि लाभार्थियों के चेहरे देख उनकी खुशी का अंदाजा लगाया जा सकता है। 

नगर निगम बढ़ाए अपनी आय
मुख्यमंत्री ने नगर निगम से कहा कि वह अपनी आय बढ़ाएं। इसके लिए कोई नया कर लगाने की जरूरत नहीं है बल्कि पहले से जो कर हैं, उनकी शत प्रतिशत वसूली, प्रतिष्ठानों का शत प्रतिशत निस्तारण, निगम की भूमियों से कब्जा हटाकर वहां मल्टीलेवल पार्किंग के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित कर आ की जा सकती है। महानगर में मेट्रो शुरू होने के बाद यह आय बेहतर जरिया होगा। 

राज्य के सभी 17 महानगर बनेंगे स्मार्ट सिटी-आशुतोष टंडन
यूपी के नगरीय विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने कहा कि यूपी देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां के सभी 17 महानगर स्मार्ट बनेंगे। केन्द्र सरकार की योजना में दस चुने गए थे और मुख्यमंत्री जी ने तय किया है कि राज्य सरकार बचे 7 महानगरों को स्मार्ट सिटी बनाएगी। इसमें गोरखपुर भी है। उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, वह बाकी राज्यों के लिए शोध का विषय हैं।    
 
महापौर बोले, पहली बार नगर निगम में आया कोई सीएम
महापौर सीताराम जायसवाल ने शहरवासियों की ओर से सीएम को रामचंद्र जी व नगरीय विकास मंत्री को राम दरबार की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। कहा कि पहली बार कोई मुख्यमंत्री नगर निगम परिसर में आया है। नगर निगम का मौजूदा भवन 1897 में बना था। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी व जवाबदेही और बढ़ जाती है। कार्यक्रम को नगर विधायक डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल व ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। मंच पर विधायक शीतल पांडेय, महेन्द्र पाल सिंह, फतेह बहादुर सिंह, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त अश्वनी त्रिपाठी, रमाकांत निषाद, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, राहुल श्रीवास्तव व पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन सर्वेश दुबे ने किया।   

171 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास व लोकार्पण
नगर निगम परिसर से मुख्यमंत्री ने 116 करोड़ की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास व 55 करोड़ की 53 परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण किया। परियोजनाएं डूडा, नगर निगम, स्वास्थ्य व अन्य विभागों से जुड़ी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें