बेहतर परियोजनाओं के साथ लैंडबैक विकसित करेगा प्राधिकरण, जेटी की होगी स्ट्रक्चरल जांच

हिन्दुस्तान, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

गोरखपुर। प्रमुख संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि जिन क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता

बेहतर परियोजनाओं के साथ लैंडबैक विकसित करेगा प्राधिकरण, जेटी की होगी स्ट्रक्चरल जांच

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि जिन क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। और जिनसे संबंधित स्थानों की भूमि का मूल्य (वैल्यू) निरंतर बढ़ रहा है, ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर गोरखपुर विकास प्राधिकरण वहां व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार करे। इन संभावित क्षेत्रों की पहचान कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उस पर चरणबद्ध तरीके से अमल शुरू किया जाएगा। इससे महानगर के प्रमुख क्षेत्रों का समग्र एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो सकेगा। साथ ही गोरखपुर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं निवेश-अनुकूल शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। 2 जून को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर विकास प्राधिकरण को यह निर्देश दिए थे। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन पी गुरु प्रसाद की ओर जारी कार्यवृत्त में स्पष्ट जीडीए अध्यक्ष अनिल ढींगरा एवं उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के लिए स्पष्ट लिखा है कि ऐसे लैंडबैंक महानगर में निवेश, रोजगार और आधारभूत संरचना के नए अवसर तैयार करेंगे。

केवल भूमि संग्रह नहीं, सुव्यवस्थित आधारभूत विकास भी

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चिन्हित क्षेत्रों में केवल भूमि संग्रहण ही नहीं, बल्कि सुव्यवस्थित आधारभूत संरचना का विकास भी किया जाए। इसके तहत सड़क, जलनिकासी, बिजली, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं को विकसित कर इन क्षेत्रों को निवेश के अनुकूल बनाया जाए। इसके बाद इन स्थानों पर होटल, रेस्टोरेंट, व्यावसायिक परिसरों और अन्य महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ा जाए। लैंड बैंक की यह अवधारणा से एक ओर जहां अनियंत्रित शहरी विस्तार पर नियंत्रण संभव होगा, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक और निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं वाले व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जा सकेंगे।

रामगढ़ताल में प्लास्टिक पर सख्ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़झील के आसपास अब भी कई स्थानों पर प्लास्टिक उपयोग पर चिंता जताते हुए उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले डस्टबिन स्थापित किए जाएं। जीडीए को निर्देशित किया है कि रामगढ़झील क्षेत्र में सभी स्ट्रीट वेंडर केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही दुकानें लगाएं। सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत रूप से दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। जीडीए को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जेटी की होगी तकनीकी जांच

रामगढ़झील स्थित जेटी की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। कहा कि लगभग 25 वर्ष पूर्व निर्मित जेटी के स्ट्रक्चर की तकनीकी जांच कराई जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

प्रमुख चौहारों का सौंदर्यीकरण हो, ब्रांडिंग सीमित और सौम्य हो

सीएम योगी ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण को महानगर के सभी प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण की कार्य योजना तैयार कर उसे शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर अत्यधिक ब्रांडिंग कर दी जाती है, जिससे चौराहों पर स्थापित मूर्तियां और उनके नाम स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। सख्त निर्देश दिए कि मूर्तियों और स्मारकों की पहचान प्रमुखता से बनी रहे और ब्रांडिंग सीमित और सौम्य तरीके से करें। चेताया है कि महानगर के चौराहे उसकी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं, इसलिए उनके सौंदर्यीकरण और संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण को क्या निर्देश दिए?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण को उच्च गुणवत्ता की विकास परियोजनाओं के लिए लैंड बैंक बनाने का निर्देश दिया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।