राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से संवर रहा युवाओं का भविष्य : योगी

हिन्दुस्तान, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

सचित्र -46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के विजेताओं को सीएम योगी ने किया पुरस्कृत

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से संवर रहा युवाओं का भविष्य : योगी

गोरखपुर, निज संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले की स्थिति में जिस रामगढ़झील की तरफ कोई आना पसंद नहीं करता था, वहां रोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवाओं के भविष्य को संवारने के काम आ रही हैं। झील का यही सही उपयोग है, जहां से युवा अपने सामर्थ्य को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।

रोइंग चैंपियनशिप का समापन समारोह

योगी गुरुवार को रामगढ़ताल में रोइंग फेडरेशन आफ इंडिया की तरफ से आयोजित 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप में 20 राज्यों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत और श्रेष्ठ भारत’ के विजन को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत में रोइंग प्रतिस्पर्धाएं तेजी से आगे बढ़ी हैं।

खिलाड़ियों की सकारात्मक सोच

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हमेशा सकारात्मक सोच और टीम भावना के साथ कार्य करता है। वह नशा और नकारात्मकता से दूर रहकर, स्व अनुशासन के साथ समाज को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ता है। सीएम योगी ने कहा कि भारत, विश्व मानचित्र पर कड़ी रोइंग शक्ति के रूप में उभरा है। साथ ही आने वाले समय में रामगढ़झील में रोइंग, कैनोइंग एवं अन्य जल क्रीडा से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

जीवन का मंत्र

‘चरैवेति-चरैवेति’ ही जीवन का मंत्र

सीएम योगी ने कहा कि जब वह यहां मुकाबला देख रहे थे तब ताल में खिलाड़ियों के सामने तेज हवाओं को देखकर उनके मन में महान साहित्यकार सोहनलाल द्विवेदी की पंक्तियां याद आ गईं। उन्होंने कहा था, ‘लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीवन का सच है कि जो डर गया वह मर गया। जो भाग गया उसको समाज, देश और ईश्वर भी कभी माफ नहीं करते हैं। इसीलिए, जीवन का एक ही मंत्र है और वह है ‘चरैवेति-चरैवेति’ का।

खेल और खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन

जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हरेक क्षेत्र में विकास की नजीर पेश कर रहा है। सीएम योगी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों के लिए हर तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर और भरपूर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

रामगढ़झील अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार

पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास हो चुका है तो यहां का रामगढ़झील रोइंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में जिस रामगढ़झील की पहचान गंदगी और अपराध से जुड़ी हुई थी, जहां गोलियां चलती थीं, वहां अब सीएम योगी के विजन से रोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं हो रहीं हैं। स्वागत संबोधन रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एम. बालाजी मरडप्पा तथा यूपी रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने किया।

-----

ये रहे मौजूद :

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी एवं यूपी रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक पवन सिंह चौहान, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा, उपाध्यक्ष राणा राहुल सिंह सहित रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया व यूपी रोइंग एसोसिएशन के कई पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, अधिकारी व गणमान्यजन मौजूद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़झील में किस प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़झील में 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का समापन समारोह आयोजित किया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।