Gorakhpur News: जनता दर्शन: हर शिकायत का होगा समाधान, किसी के साथ नहीं होने देंगे अन्याय : सीएम योगी
Gorakhpur News: गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लगभग 200 लोगों से मुलाकात कर हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों को संवेदनशीलता से सहायता देने के निर्देश दिए और इलाज के लिए आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।
Gorakhpur News: गोरखपुर, निज संवाददाता। गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित अनुष्ठान ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उन्हें समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा और हर पीड़ित को न्याय मिलेगा।
समस्याओं का निस्तारण
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों तक पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी सहायता की जाए।
कानूनी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
आर्थिक सहायता
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से भरपूर मदद का भरोसा दिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए।
बच्चों के साथ संवाद
जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने उनकी पढ़ाई के बारे में भी पूछा। उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट भी दिया।
भोलू को दुलारकर बोले, हमेशा गुस्से में रहता है
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री अपनी पारंपरिक दिनचर्या के तहत गोरखनाथ मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। इस दौरान रूठे से नजर आ रहे भोलू नाम के नंदी को उन्होंने खास तौर पर दुलारा। हाथ में गुड़-रोटी लेकर भोलू को पुकारते हुए मुख्यमंत्री ने स्नेह से कहा, “कैसा हमेशा गुस्से में रहता है।” इसके बाद उन्होंने भोलू सहित अन्य गोवंश और गायों को गुड़-रोटी खिलाई।


