
घर में घुसकर महिला और 10 साल की बेटी पर हमला, बच्ची गंभीर
Gorakhpur News - गोरखपुर में एक महिला और उसकी 10 वर्षीय बेटी पर घर में घुसकर हमला किया गया। आरोपी ने महिला के साथ छेड़खानी की और उसकी बेटी पर हथौड़े से वार किया। महिला ने पड़ोसी के घर कूदकर जान बचाई। बच्ची की हालत गंभीर है और पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। कोतवाली थाना क्षेत्र के हुमायूपुर दक्षिणी, दुर्गाबाड़ी के पास रहने वाली एक महिला और उसकी 10 वर्षीय बेटी पर घर में घुसकर देर रात हुए हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़िता ने थाना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि तिवारीपुर निवासी अफरोज आलम ने उसके घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की। पीड़िता के अनुसार अफरोज उधार दिए गए पैसे वापस करने के बहाने घर का दरवाजा खटखटाने लगा। जब उसने दरवाजा खोला तो वह जबरन अंदर घुस आया और अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर उसने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर 10 वर्षीय बेटी जाग गई और शोर मचाने लगी। इससे नाराज आरोपी ने कथित तौर पर अपनी जेब में रखे हथौड़े से बच्ची के सिर पर वार किया और दोनों को ईंट, लात व थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे महिला बेहोश हो गई। होश आने पर महिला किसी तरह सीढ़ी से होकर पड़ोसी के छत पर कूदकर अपनी जान बचाते हुए अपनी मां को फोन कर दी। इस बीच आरोपी बच्ची को मृत समझकर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची मां के सामने भी उसने जान से मारने की धमकी दी। घर में मौजूद कुछ सामान और नकदी भी लेकर फरार हो गया। मामले की सूचना महिला की मां ने 112 नंबर पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। महिला का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




