
मोहित, सावित्री सहित आठ लोगों ने भरा फार्म-6, बनेंगे मतदाता
Gorakhpur News - गोरखपुर के बेतियाहाता में मोहित जालान और सावित्री देवी अग्रवाल सहित आठ लोगों के मतदाता बनने का रास्ता साफ हुआ। उनकी नाम मतदाता सूची में मृत दर्ज होने की गलती को सुधार कर फार्म-6 भरा गया। अब इनको मताधिकार प्राप्त होगा। इनकी प्रक्रिया को हिंदुस्तान अखबार ने प्रकाशित किया था।
गोरखपुर, निज संवाददाता। सदर विधान सभा क्षेत्र के बेतियाहाता में मंगलवार सुबह 9 बजे मोहित जालान और सावित्री देवी अग्रवाल सहित आठ लोगों के मतदाता बनने की राह साफ हो गई। एसआईआर में मोहित जालान और सावित्री देवी अग्रवाल के नाम के आगे मृत दर्ज करके नाम काटे जाने के मामले में सुपरवाइजर एवं बीएलओ ने तत्परता दिखाई।पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के साथ सुपरवाइजर, लेखपाल रत्नेश सिंह एवं बीएलओ सुधा श्रीवास्तव ने उनके घर पहुंचकर फार्म-6 भरा और मौके पर ही रिकार्ड ऑनलाइन करके रिफरेंस नंबर भी दे दिए। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की अनंतिम मतदाता सूची में व्यापारी मोहित जालान एवं सावित्री देवी अग्रवाल के नाम मृतकों में दर्ज होने के मामले में आपके अपने हिंदुस्तान अखबार ने 14 जनवरी के अंक में ‘जिंदा है बेतियाहाता के मोहित और सावित्री, एसआईआर में मृत’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो इनके नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई।
मोहित जालान, सावित्री देवी अग्रवाल, रजनी जालान, रोहित जालान, लक्ष्मी जालान, सुशील जालान एवं रंजू जालान का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फार्म-6 भरा गया, इनके परिवार में 18 वर्ष उम्र पूरी कर चुके कौस्तुभ जलान भी मतदाता बन गए। मोहित जालान ने हिंदुस्तान का आभार जताते हुए कहा कि एसआईआर में गणना प्रपत्र भरने के बाद भी उनके परिवार के नाम कट गए थे। अब उन्हें मताधिकार प्राप्त होगा। दो स्थानों पर था मोहित का नाम जांच में पता चला कि 2025 की मतदाता सूची में मोहित जालान का नाम दो स्थानों पर था। उन्होंने एसआईआर में एक स्थान पर नाम काटने के लिए गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ से हस्ताक्षर करवा लिया था, जबकि फीडिंग में उनके नाम के सामने एक स्थान पर अनुपस्थित एवं दूसरे स्थान पर मृत लिख दिया गया, इसमें उनका नाम दोनों स्थानों से कट गया था। वहीं सावित्री देवी अग्रवाल के नाम आगे भी मृत लिखने की गलती हुई थी। विनोद आ गए बेतियाहाता में मोहित के पड़ोसी विनोद कुमार शर्मा ने अपने पता में सुधार के लिए फार्म-8 भरकर बीएलओ को दे दिया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार रायगंज में रहता है, जबकि वह बेतियाहाता में रहने लगे हैं। गणना प्रपत्र रायगंज से भरा गया था, लेकिन अवसर मिला तो उन्होंने पता सुधारने का आवेदन कर दिया। सुपरवाइजर एवं बीएलओ ने बेतियाहाता में मोहित और सावित्री देवी अग्रवाल सहित आठ लोगों से फार्म-6 भरवाकर उन्हें रिफरेंस नंबर भी दे दिए। सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वार्ड के जागरूक लोगों से संपर्क करके त्रुटियों की जानकारी करें ताकि सुधार हो जाए। दावे-आपत्तियों के शेष 15 दिन में लोगों को सक्रिय होकर अपनी मतदाता सूची जरूर देख लेनी चाहिए। -दीपक गुप्ता, एसडीएम, सदर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




