विद्यालयों में छात्रों ने पढ़ा अखबार, प्रार्थना सभा में पढ़कर सुनाई गईं प्रमुख खबरें
Gorakhpur News - उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्यालयों में पढ़ाई के साथ अखबार पढ़ने की पहल शुरू की है। छात्रों ने प्रार्थना सभा के बाद अखबार पढ़ना शुरू किया है, जिससे उनकी जानकारी में वृद्धि हो रही है। शासनादेश के तहत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए हिंदी और अंग्रेजी अखबारों की उपलब्धता अनिवार्य की गई है।
गोरखपुर, निज संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सोमवार से जिले के विद्यालयों में पढ़ाई के साथ समाचार से जुड़ने की पहल शुरू हो गई। प्रार्थना सभा के बाद छात्र-छात्राएं अखबार पढ़ते नजर आए। कई विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान ही अखबार की प्रमुख खबरें पढ़कर सुनाई गईं। इस पहल को लेकर छात्रों में खासा उत्साह दिखा। जनपद के 2500 से अधिक परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों सहित सभी निजी विद्यालयों में अखबार पढ़ने का चलन शुरू हो चुका है। रविवार को सामने आई तस्वीरों में देखा गया कि बड़ी संख्या में अखबार हिन्दुस्तान पढ़ते नजर आए।
कई स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों के हाथों में अखबार रहा और वे खबरों की जानकारी अपने साथियों को देते दिखे। छात्र अभिनव ने बताया कि हिन्दुस्तान अखबार में देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन से जुड़ी भरपूर और उपयोगी खबरें हैं। कक्षा 12 के छात्र रमेश गुप्ता ने बताया कि हिन्दुस्तान अखबार के लेख बेहद सारगर्भित हैं, जिनसे नई जानकारियां मिलती हैं। स्कूल में अखबार पढ़ने की शुरुआत एक सराहनीय कदम है। शासन ने मोबाइल में डूबते किशोर मन को अखबारों के माध्यम से विज्ञान, संस्कृति, इतिहास और समसामयिक विषयों से जोड़ने की बड़ी पहल की है। माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी शासनादेश में विद्यालयों में रोजाना अखबार पढ़ना, समाचारों की कटिंग रखना और ग्रुप डिस्कशन अनिवार्य किया गया है। इससे छात्रों में पढ़ने की प्रवृत्ति बढ़ेगी और भाषा पर पकड़ मजबूत होगी। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि बढ़ते स्क्रीन टाइम से बच्चों की एकाग्रता प्रभावित हो रही है। ऐसे में कक्षा छह से 12 तक हिंदी और अंग्रेजी अखबारों की उपलब्धता अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही सप्ताह में एक दिन संपादकीय लेखों पर चर्चा और स्कूल पत्रिका तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



