यूपी बोर्ड परीक्षा : आज से स्कूलों को बांटे जाएंगे प्रश्नपत्र
Gorakhpur News - गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में एडीएम की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा हुई बोर्ड परीक्षा की

गोरखपुर,निज संवाददाता। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही है। इसके तहत शुक्रवार से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों का वितरण किया जाएगा। प्रश्नपत्र निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्कूलों तक पहुंचाए जाएंगे, जिसके लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में अपर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में लगभग 800 अधिकारी, मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षा विभाग के कर्मचारी शामिल हुए। एडीएम ने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि प्रश्नपत्र निर्धारित समय से पूर्व किसी भी स्थिति में न खोले जाएं। एडीएम ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त व सह केंद्र व्यवस्थापक, रिजर्व शिक्षक, उड़नदस्ता दल और कंट्रोल रूम की टीम मौजूद रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




