ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरगुंडागर्दी की हद: तेज रफ्तार स्कार्पियों से आए मनबढ़ों ने टीटीई के ठीक सामने मारी ब्रेक, जंक्शन पर दौड़ाकर पीटा 

गुंडागर्दी की हद: तेज रफ्तार स्कार्पियों से आए मनबढ़ों ने टीटीई के ठीक सामने मारी ब्रेक, जंक्शन पर दौड़ाकर पीटा 

ठेके पर काम करने वाले कुछ मनबढ़ों ने मंगलवार को जंक्शन पर जमकर गुंडई की। सर्कुलेटिंग एरिया में मनबढ़ों ने आन ड्यूटी टीटीई को दौड़ाकर पीटा। मन नहीं भरा तो गाड़ी से लाठी निकाली और उससे भी पिटाई की। अपने...

गुंडागर्दी की हद: तेज रफ्तार स्कार्पियों से आए मनबढ़ों ने टीटीई के ठीक सामने मारी ब्रेक, जंक्शन पर दौड़ाकर पीटा 
हिन्‍दुस्‍तान टीम ,गोरखपुर Wed, 19 Feb 2020 12:46 PM
ऐप पर पढ़ें

ठेके पर काम करने वाले कुछ मनबढ़ों ने मंगलवार को जंक्शन पर जमकर गुंडई की। सर्कुलेटिंग एरिया में मनबढ़ों ने आन ड्यूटी टीटीई को दौड़ाकर पीटा। मन नहीं भरा तो गाड़ी से लाठी निकाली और उससे भी पिटाई की। अपने साथी को पिटता देख कुछ टीटीई बचाने निकले तब जाकर टीटीई की जान बची। संयोग अच्छा रहा कि मनबढ़ों में से एक मौके पर ही पकड़ लिया गया। पीड़ित टीटीई की तहरीर पर जीआरपी ने आरोपित दीपक प्रजापति और चार अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है। इसके साथ ही दीपक प्रजापति को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपित को जीआरपी बुधवार को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी। 

पीड़ित टीटीई अनिल सिंह ने बताया कि डेढ़ बजे के करीब वह सर्कुलेटिंग एरिया में अपनी स्कूटी से पहुंचे थे। इसी बीच बाई ओर से तेज रफ्तार में एक स्कार्पियो आई और स्कूटी से सटाकर ब्रेक लगाया। बताया कि उन्होंने सिर्फ यह पूछा कि इतनी तेज गाड़ी क्यों चला रहे हो। इतना पूछते ही उसमें तीन लड़के निकले और गालियां देनी शुरू कर दी। इसका विरोध किया तो पिटाई शुरू कर दी। बचकर थोड़ा दूर भागने की कोशिश की तो दौड़ाकर पकड़ लिया और लाठी से पीटने लगे। कुछ देरे में मेरे साथी आए तब जाकर मैं उनकी चंगुल से निकल पाया। साथी टीटीई मनोज सिंह ने बताया कि जैसे ही उनलोगों को इसकी जानकारी लगी सभी तुरंत बाहर आ गए और साथी को बचाकर मनबढ़ों को पकड़ने लगे। इस दौरान तीन तो भाग गए लेकिन एक पकड़ लिया गया। मनबढ़ को पकड़ने के बाद उसे आरपीएफ को सौंप दिया। 

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित टीटीई की तहरीर पर जीआरपी थाने में दीपक प्रजापति और चार अज्ञात के खिलाफ धारा 332, 504 और 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दीपक प्रजापति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें