मृतका की बहन का वीडियो वायरल, प्रसव केंद्र संचालकों पर गंभीर आरोप
Gorakhpur News - गोलाबाजार में एक अपंजीकृत प्रसव केंद्र में प्रसूता की मृत्यु के बाद वहां ताला लग गया है और संचालक फरार हैं। मृतका की बहन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर संचालकों पर लापरवाही और शव छिपाने का आरोप लगाया। जांच के लिए सीएचसी गोला के अधीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

गोलाबाजार, हिन्दुस्तान संवाद उपनगर गोला में थाना परिसर के पास संचालित एक अपंजीकृत प्रसव केंद्र में मंगलवार रात हुई प्रसूता की मौत के बाद से प्रसव केंद्र पर ताला बंद है और संचालक फरार बताए जा रहे हैं। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर मृतका की बहन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह डॉयल-112 पर फोन कर प्रसव केंद्र संचालकों पर लापरवाही और शव छिपाने के प्रयास का आरोप लगाती सुनाई दे रही है। हालांकि, आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में महिला यह भी आरोप लगा रही है कि उसकी बहन का जबरन सामान्य प्रसव कराया गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और हालत बिगड़ने के बाद उसकी मृत्यु हो गई।
हालांकि, नवजात सुरक्षित है। वीडियो में प्रसव कराने वाली महिला का नाम लेकर आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर परिजन महिला को थाने के पास स्थित उक्त केंद्र पर ले गए थे, जहां कथित रूप से अप्रशिक्षित महिला द्वारा प्रसव कराया गया। हालत बिगड़ने पर रात करीब एक बजे उसे गोला के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीएचसी गोला के अधीक्षक डॉ. अमरेंद्र नाथ ठाकुर ने बताया कि मामले की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है। जांच कराई जाएगी और केंद्र अपंजीकृत पाए जाने पर कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




