Gorakhpur News: खेल रहे बच्चों को मैजिक ने कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Gorakhpur News: गुलरिहा के मोगलहा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसागुलरिहा के मोगलहा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा मैजिक कब्जे में लेकर चालक को पुलिस ने दबोचा गुलरिहा, हिन्

Gorakhpur News: गुलरिहा, हिन्दुस्तान संवाद। गुलरिहा थाना क्षेत्र के मोगलहा पेट्रोल पंप के सामने सोमवार सुबह करीब दस बजे मैजिक की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि छह साल का दूसरा बच्चा गंभीर है। हादसे के बाद चालक दोनों घायल बच्चों को सड़क किनारे लिटाकर मैजिक लेकर भागने लगा। गली का रास्ता बंद मिलने पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मैजिक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, आरोपित चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुकदमे की प्रति देने की मांग को लेकर मृत मासूम के परिजनों ने सोमवार शाम मुगलहा तिराहे पर करीब 45 मिनट तक जाम लगा दिया। सूचना पर गुलरिहा और शाहपुर थाने की पुलिस के साथ सीओ गोरखनाथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया。
दुर्घटना का विवरण
मोगलहा निवासी सुदामा पासवान का आठ वर्षीय पुत्र आदर्श और बलिराम चौधरी का छह वर्षीय पुत्र मन्नू उर्फ अनमोल सोमवार सुबह घर के पास खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि पास के एक निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का सामान पहुंचाकर मैजिक चालक लौट रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हादसे के बाद चालक दोनों बच्चों को उठाकर सड़क किनारे लिटाने के बाद मैजिक लेकर दूसरी गली से भागने लगा। बच्चों को सड़क किनारे पड़े देखकर लोगों ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। आगे रास्ता बंद मिलने पर चालक मैजिक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे लोगों ने दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया। मन्नू का इलाज चल रहा है। मृतक की मां रेखा ने चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हादसे की सूचना पर परिजन मेडिकल चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर भीड़ जुट गई। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मैजिक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।
जाम की स्थिति
जाम से 45 मिनट तक थमी रही रफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने जाम स्थल पर ही पीड़ित परिवार को मुकदमे की प्रति उपलब्ध कराई। साथ ही बताया कि आरोपित मैजिक चालक पुलिस हिरासत में है और दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। इसके बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। जाम के कारण गोरखपुर-महराजगंज हाईवे का एक लेन करीब 45 मिनट तक बाधित रहा। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने समझाकर जाम हटवाया और यातायात सामान्य कराया।


