
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने खुद को मारी गोली, अस्पताल में मौत
संक्षेप: Gorakhpur News - गोरखपुर में पारिवारिक विवाद के चलते केशव सिंह ने आत्महत्या करने के लिए खुद को गोली मार ली। 30 वर्षीय केशव की पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पहले वह तनाव में था और कुछ समय पहले ही सऊदी अरब से लौटकर आया था।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। पत्नी से पारिवारिक विवाद के चलते खुद को गोली मारने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। गोली युवक की कनपटी में फंसी हुई थी, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार, बेलीपार थाना क्षेत्र के कनइल निवासी केशव सिंह (30) पुत्र इंद्रदेव सिंह की डेढ़ वर्ष पहले बभनान निवासी साक्षी से शादी हुई थी। शादी के लगभग 15 दिन बाद ही मोबाइल पर किसी युवक की फोटो को लेकर विवाद हुआ और साक्षी मायके चली गई। इसके बाद साक्षी ने पति पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद केशव रोज़गार के लिए सऊदी अरब चला गया था और करीब सात महीने पहले ही वापस लौटा था।

परिवार के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से तनावग्रस्त था। शनिवार की रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में गया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन पहुंचे तो केशव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसने अवैध असलहे से कनपटी में गोली मार ली थी। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पिता, मां, एक भाई और एक बहन हैं। पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




