
घायल की मौत के बाद सड़क जाम की, पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया
संक्षेप: Gorakhpur News - गजपुर में एक सड़क दुघर्टना में आकाश वर्मा की मौत के बाद, स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और सियर चौराहे पर जाम लगा दिया। लोग चौकी इंचार्ज के निलंबन, पीड़ित परिवार को सहायता और ट्रेलरों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलाईं और कुछ को हिरासत में लिया।
कौड़ीराम (गोरखपुर), हिन्दुस्तान संवाद। गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर निवासी व्यक्ति की बुधवार को हुई सड़क दुघर्टना में मौत के बाद गुरुवार को दुकानें बंद रहीं। व्यापार मंडल गजपुर की अपील पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर सियर चौराहे पर गजपुर-रुद्रपुर और गजपुर-गगहा मार्ग को जाम कर दिया। वे चौकी इंचार्ज को निलम्बित करने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों के अश्वासन के बाद भी जब जाम नहीं खत्म हुआ तो पुलिसकर्मियों ने लाठियां पटककर उन्हें भगाया। इस दौरान पुलिस ने भाजपा नेता सहित कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया। गजपुर निवासी आकाश वर्मा की हादसे में मौत हो गई थी।

गुरुवार को इसे लेकर लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों में महिलाएं और युवतियां भी शामिल रहीं। जाम की सूचना पर थाना प्रभारी गगहा अंजुल चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। इसके बाद उपजिलाधिकारी बांसगांव प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी पहुंचे और जाम लगाने वालों से वार्ता की, लेकिन बात नहीं बन सकी। आरोप है कि अपराह्न पौने तीन बजे पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को तितर-तितर बितर किया। धरने पर बैठे भाजपा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकास सिंह श्रीनेत को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विनेश कुमार पुरी भी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक सियर चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहा। धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांगें : सियर चौराहे पर सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन के समक्ष पांच सूत्रीय मांग रखीं। इसमें गजपुर चौकी इंचार्ज के निलंबन, ट्रेलर जब्त कर चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, गजपुर-गगहा मार्ग पर ट्रेलरों के आवागमन पर प्रतिबंध, सड़क पर संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाना शामिल है। गगहा-गजपुर मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक गगहा। गगहा पुलिस ने गुरुवार को गगहा चौराहे से गजपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी। बुधवार शाम गंभीरपुर के पास अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार गजपुर निवासी 20 वर्षीय आकाश वर्मा की मौके पर मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने इस मार्ग पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक की मांग की थी। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए चौराहे के पास बैरिकेडिंग कर दी है। अब केवल छोटे वाहन ही इस मार्ग से गुजर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि टोल टैक्स बचाने के लिए ट्रक व ट्रेलर तेज रफ्तार में इसी रास्ते से गुजरते हैं, जिससे हादसे और जाम की स्थिति बनी रहती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




