
एसएसबी जवान के सामने मां की मौत, एक किमी घिसटी
संक्षेप: Gorakhpur News - हरपुर बुदहट इलाके में हुई घटना, पुलिस कर रही जांच रिश्तेदारी से बाइक पर घर
हरपुर बुदहट, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के चांदपार-देवरिया मार्ग पर बुधवार की देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एसएसबी जवान की मां की मौत हो गई। हादसे ने बेटे को झकझोर कर रख दिया, क्योंकि यह हादसा उसकी आंखों के सामने हुआ। मृतका की पहचान रूपा देवी (45) पत्नी सुरेश गौतम, निवासी रामपुर गड़थौली थाना हरपुर बुदहट के रूप में हुई। वह अपने बेटे बुद्धेष गौतम, जो एसएसबी में जवान हैं, के साथ रिश्तेदारी से मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थीं। रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रूपा देवी बोलेरो के नीचे फंस गईं, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब एक किलोमीटर तक उन्हें घसीटता चला गया।

वहीं, बेटा ठोकर लगने से दूर गिरकर बाल-बाल बच गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची हरपुर बुदहट पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को बोलेरो के नीचे से निकालकर सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया। बेटे बुद्धेष गौतम ने बताया कि वह छुट्टी पर घर आया था और मां को रिश्तेदार के घर से लेकर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




