
बेटे का जन्मदिन छोड़ कर ड्यूटी पर लौटा था नौका विहार अग्निकांड में मृत पुरुषोत्तम
संक्षेप: Gorakhpur News - गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 46 वर्षीय पुरुषोत्तम अग्रहरि की मौत हो गई। उनका परिवार तुलसीपुर में रह रहा था। आग की लपटें सुबह 5 बजे उठीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। परिवार को हादसे की सूचना होटल प्रबंधन से मिली।
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में लगी आग में मृत पाए गए पुरुषोत्तम अग्रहरि (46 वर्ष) के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे अनूप ने बताया कि सहजनवा थाना क्षेत्र के बरईपार स्थित उनकी पैतृक जमीन चाचा द्वारा बेच दिए जाने के बाद पूरा परिवार मजबूरी में बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित ननिहाल में रहता है। नानी की तबीयत लगातार खराब रहने के कारण परिवार वहीं बस गया। मौत की सूचना पर रविवार दोपहर में तुलसीपुर से मृतक का पुत्र अनूप, पत्नी पूनम और भतीजा दीपू गोरखपुर पहुंचे। अनूप के अनुसार, उसके पिता पुरुषोत्तम रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित होटल में हाउसकीपिंग का काम कर रहे थे।

तीन दिन पहले वह घर आए थे। शनिवार को अनूप का जन्मदिन था, लेकिन रेस्टोरेंट से लगातार फोन आने पर वह शुक्रवार को ही गोरखपुर लौट गए। रविवार सुबह होटल प्रबंधन की ओर से फोन आने पर परिवार को हादसे की जानकारी हुई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुरुषोत्तम अपने पीछे पत्नी, बेटे के अलावा 14 वर्षीय बेटी अनन्या छोड़ गया है। आग से दहशत में आए इलाके के लोग चार मंजिला इमारत से सुबह 5 बजे आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। यह देखकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग सड़कों पर आ गए। लोग अपने-अपने घरों की बालकनी में आ गए। मॉर्निंग वॉक करने वालों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। होटल के एक कमरे में ठहरे दो लोग धुएं की वजह से भागकर किसी तरह से बाहर आए और शोर मचाकर गार्ड को सूचना दी। सुबह 5:16 बजे फायर स्टेशन गोलघर और रामगढ़ताल थाने को सूचना दी गई। वेज रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल चार साल से चल रहा था। इसके बगल में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल है। सामने बौद्ध संग्रहालय है। 100 मीटर दूर पर जेमिनी गार्डेनिया अपार्टमेंट है, जिसमें काफी लोग रहते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




