Gorakhpur News: सहारा इस्टेट में बंद फ्लैट में मिली इंजीनियर की लाश
Gorakhpur News: सनसनी -चार दिन से बंद था फ्लैट, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना -कुशीनगर

Gorakhpur News: खोराबार (गोरखपुर), हिन्दुस्तान संवाद। खोराबार थाना क्षेत्र के सिक्टौर चौकी अंतर्गत सहारा स्टेट के मल्हार में एक सॉफ्टेवयर इंजीनियर का शव शुक्रवार सुबह बंद फ्लैट में बेड पर मिला। वह सहारा स्टेट की पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में अकेले रहते थे। फ्लैट करीब चार दिन से बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। आईआईटीएन अभिषेक त्रिपाठी नोएडा की किसी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। सहारा स्टेट के मल्हार निवासी अभिषेक त्रिपाठी (45) पुत्र स्व. सभा प्रसाद त्रिपाठी मूल रूप से कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के महासोन गांव के रहने वाले थे।
वह आईआईटीएन थे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। सहारा स्टेट के प्रथम तल पर फ्लैट नंबर 2/202 में अकेले रहते थे। अभिषेक से आसपास के लोगों की नियमित बातचीत होती थी। पिछले करीब चार दिन से उनका कमरा बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे के आसपास दुर्गंध महसूस होने पर लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई। इसके बाद सिक्टौर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अभिषेक मृत अवस्था में मिले।पुलिस ने फ्लैट की स्थिति की जांच करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस को मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। अभिषेक के बड़े भाई अमेरिका में रहते हैं, जबकि उनकी बहन दाऊदपुर में रहती हैं। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


