
चौरीचौरा के युवक की ओमान में मौत, परिवार में कोहराम
Gorakhpur News - चौरीचौरा के राजा रविदास (25) की ओमान में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था। राजा चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी जल्द होने वाली थी। उसके निधन से परिवार में मातम है और परिजन शव जल्द घर लाने की गुहार लगा रहे हैं।
चौरीचौरा, हिन्दुस्तान संवाद। चौरीचौरा क्षेत्र के एक युवक की सात समंदर पार ओमान में सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया है। आर्थिक तंगी से परिवार को उबारने की उम्मीद लेकर विदेश गया युवक अपने सपनों को अधूरा छोड़ गया। चौरीचौरा क्षेत्र के विश्वम्भरपुर निवासी राजा रविदास (25) पुत्र नंदकिशोर दिसंबर 2024 में रोज़गार की तलाश में ओमान गया था। वहां वह मजदूर के रूप में काम कर रहा था। रविवार को ओमान में हुई एक सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। देर रात मृतक के छोटे भाई सोनू के मोबाइल फोन पर दुर्घटना की सूचना मिली।
राजा चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। परिजनों के अनुसार राजा की इच्छा थी कि वह विदेश में मेहनत कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करे और फिर शादी करे। इससे पहले वह करीब दो वर्षों तक कतर में भी काम कर चुका था। इस बार ओमान जाने के बाद लौटते ही उसकी शादी तय थी। भाई की मौत की सूचना पाकर सोनू बदहवास हो गया। सोमवार को दिन में हिम्मत जुटाकर उसने यह दुखद समाचार परिवार को बताया, जिसके बाद घर में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मृतक का शव जल्द से जल्द गांव मंगवाने की गुहार लगाई है, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




