मैटरनिटी सेंटर में प्रसूता की मौत, डॉक्टर पर केस

Feb 18, 2026 02:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share

Gorakhpur News - बड़हलगंल की घटना, प्रसूता की हालत नाजुक हुई तो डॉक्टर-कर्मी भागे बिना पंजीकरण चल रहा

मैटरनिटी सेंटर में प्रसूता की मौत, डॉक्टर पर केस

झुमिला बाजार/बड़हलगंज, हिटी। बड़हलगंज क्षेत्र के महुलिया पोयल निवासी 29 वर्षीय प्रिया तिवारी की प्रसव के दौरान एक निजी मैटरनिटी सेंटर (प्रसूति केंद्र) में मौत हो गई। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, घटना की सूचना के बाद सीएमओ के आदेश पर डेरवा पीएचसी के अधीक्षक डॉ. श्रवण तिवारी ने बड़हलगंज पहुंचकर सिया मैटरनिटी सेन्टर को सील कर दिया। जानकारी के मुताबिक, शशांक तिवारी उर्फ गोलू की पत्नी प्रिया तिवारी को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बाईपास रोड स्थित सिया मैटरनिटी सेंटर ले गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहां संचालिका डॉ. पूनम यादव ने जांच के बाद तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी। दोपहर में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा को बाहर लाया गया लेकिन प्रिया की हालत गंभीर बनी रही। शाम तक मरीज को तेज दर्द, घबराहट और बेचैनी होने लगी। आरोप है कि अंदरूनी ब्लीडिंग की आशंका के बावजूद चिकित्सिक स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही थीं। परिजनों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े सात बजे हालत अत्यंत नाजुक होने पर डॉक्टर और स्टॉफ सेंटर बंद कर फरार हो गए। इसके बाद गंभीर हालत में प्रिया को पास के दुर्गावती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शशांक तिवारी की तहरीर पर बड़हलगंज थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने मुख्य चिकित्साधिकारी गोरखपुर को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने की मांग की है। उधर, घटना के बाद से सिया मैटरनिटी सेंटर बंद है और चिकित्सिका का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सरवन तिवारी ने बताया की सिया मैटरनिटी सेंटर के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ था, इस कारण सेंटर सील कर दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।