Gorakhpur News: स्कूली वैन और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, दूसरा घायल
Gorakhpur News: बड़हलगंज में पीएन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के पास स्कूली वैन और बाइक की टक्कर में 24 वर्षीय सल्लू कुरैशी की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने वैन और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है। हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ।
Gorakhpur News: बड़हलगंज, हिन्दुस्तान संवाद। बड़हलगंज थाना क्षेत्र में जाईपार स्थित पीएन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के पास शनिवार दोपहर स्कूली वैन और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने स्कूली वैन और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज कस्बे के गोला मोहल्ला निवासी अजमल कुरैशी का पुत्र सल्लू कुरैशी (24) अपने रिश्तेदार बेल्थरा निवासी सेराज कुरैशी के साथ बाइक से बकरी खरीदकर ओझवली फोरलेन के रास्ते बड़हलगंज लौट रहा था। दोपहर करीब 2:15 बजे पीएन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही स्कूली वैन से टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वैन बच्चों को छोड़ने के बाद बड़हलगंज से स्कूल की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक वैन के नीचे जा घुसी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हलगंज पहुंचाया। चिकित्सक सल्लू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। घायल सेराज कुरैशी का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वैन और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


