सिकरीगंज में टैंकर की चपेट में आकर छात्रा की मौत, नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम
Gorakhpur News - गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके में एक छात्रा चांदनी यादव की पानी के टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव...

गोरखपुर। सिकरीगंज इलाके के कुईं बाजार में बुधवार सुबह हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई। बरला गांव निवासी दुर्विजय यादव की 16 वर्षीय पुत्री चांदनी यादव की स्कूल जाते समय पानी के टैंकर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिए। दो घंटे बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। घटना बुधवार सुबह करीब नौ बजे की है। चांदनी कुईं बाजार स्थित राष्ट्रीय पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांदनी स्कूल जा रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टैंकर ने उसे टक्कर मार दिया, नीचे गिरने के बाद टैंकर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया और चांदनी की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस और परिजन को दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची चालक टैंकर छोड़कर मौके से भाग निकला। इससे नाराज ग्रामीण सड़क जाम करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें समझाते हुए शव को एंबुलेंस में रखवा दिया और टैंकर को कब्जे में ले लिया। लेकिन, भीड़ ने एंबुलेंस को घेर लिया और उसे आगे बढ़ने नहीं दिया। ग्रामीणों और परिजनों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। हालात को काबू में लाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। करीब दो घंटे तक हंगामे के कारण खजनी-सिकरीगंज मार्ग पूरी तरह जाम रहा। बाद में पहुंचे एसडीएम खजनी और सीओ ने लोगों को समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद जाम को हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




