Gorakhpur News: स्कूल बस में चढ़ने से पहले ही पहिए के नीचे आया मासूम, मौत के बाद हंगामा
Gorakhpur News: गोरखपुर में एक स्कूल बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय हिमांशु की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब वह बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पीट दिया। हिमांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
Gorakhpur News: गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। पिपराइच थाना क्षेत्र के नइयापार में शनिवार सुबह स्कूल बस में चढ़ने के लिए खड़े पांच वर्षीय हिमांशु को बस में चढ़ने से पहले ही चालक ने बस चलाकर कुचल दिया। बस के पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। हिमांशु उसी बस से एसडी पब्लिक स्कूल आराजी चिलबिलवा पढ़ने जाता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।सुबह करीब सवा आठ बजे बस पांच साल के हिमांशु के घर के दरवाजे पर पहुंची थी।
बस में चढ़ने के लिए तीन बच्चे खड़े थे। दो बच्चे बस में चढ़ गए, जबकि हिमांशु तीसरे बच्चे के रूप में बस में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चालक ने बस चला दी। हिमांशु बस के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने चालक को कब्जे में लिया और लोगों को शांत कराया। नइयापार निवासी हरिकेश का पुत्र हिमांशु परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी नौ माह की छोटी बहन है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है।


