Gorakhpur News: पल्सर-स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत
Gorakhpur News: चिलुआताल थाना क्षेत्र के करीमनगर के पास शुक्रवार रात एक बाइक और स्कूटी की टक्कर में 19 वर्षीय रविंदर निषाद की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Gorakhpur News: चिलुआताल हिन्दुस्तान संवाद। चिलुआताल थाना क्षेत्र के फर्टिलाइजर चौकी अंतर्गत करीमनगर के पास शुक्रवार रात पल्सर बाइक और स्कूटी की टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमीदपुर के लल्लन टोला निवासी खटाई लाल निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे उनका बेटा रविंदर निषाद (19) पल्सर बाइक से घर लौट रहा था। करीमनगर से कुछ आगे बढ़ने पर सामने से आ रही स्कूटी से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में रविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।तहरीर के आधार पर चिलुआताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्कूटी पर दो एसएसबी जवान सवार थे और वे स्पोर्ट्स कॉलेज की तरफ जा रहे थे। मृतक के परिजनों ने जवानों पर हाथापाई करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस दोनों स्कूटी सवारों से पूछताछ कर रही है।


