पावर ग्रिड का तार खींचने में 40 फीट से गिरा बालक, मौत
Gorakhpur News - खेल-खेल में तार पकड़कर लटका था 10 वर्षीय बालक, खीचने से ऊपर उठ गया

पीपीगंज/अकटहवा हिटी। पीपीगंज थाना क्षेत्र के बढ़नी गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब गांव के बाहर पावर ग्रिड की लाइन का तार खींचने का कार्य चल रहा था और पास में बच्चे खेल रहे थे। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, बुटवल पावर ग्रिड की लाइन का तार ट्रैक्टर की मदद से खींचा जा रहा था। इसी दौरान पास में खेल रहे कुछ बच्चे तार को पकड़कर हल्का ऊपर उठते और फिर छोड़ दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी क्रम में दस वर्षीय अरुण ने भी खेल-खेल में तार पकड़ लिया लेकिन छोड़ने से पहले ज्यादा ऊंचाई पर पहुंच गया।
इसी बीच ट्रैक्टर से तार और ऊपर खींच लिया गया और लगभग 40 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। जब तक ट्रैक्टर चालक और आसपास के लोगों को स्थिति का अंदाजा होता, तब तक देर हो चुकी थी। तार नीचे करने का प्रयास किया गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से अरुण का हाथ छूट गया और वह ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरुण परिवार का इकलौता बेटा था और उससे बड़ी दो बहनें हैं। उसके पिता श्रीमोहन की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। मां मजदूरी कर किसी तरह बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




