
हाईवे पर ‘आओ-आओ सुन ड्राइवर हो रहे ‘भ्रमित
Gorakhpur News - सचित्र गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कुशीनगर हाईवे के टोल प्लाजा प्रबंधन आमने-सामने वाहनों
गोरखपुर/जैतपुर हिंदुस्तान संवाद। जिस प्रकार मंडी में दुकान लगाने वाले लोग ग्राहकों को बुलाने के लिए आओ-आओ का शोर मचाते हैं, उसी प्रकार की तस्वीर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट पर दिख रही है। धूप हो या बारिश, नेशनल हाईवे के किनारे टोल प्लाजा के लोग छतरी लगाए मौजूद मिल रहे हैं। हाईवे से वाहनों को डायवर्ट करने की कोशिश हो रही है, इस होड़ से ड्राइवर भी भ्रमित व परेशान हो रहे हैं। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद उसके भगवानपुर टोल प्लाजा और लखनऊ-कुशीनगर हाईवे के तेनुआ टोल प्लाजा आसपास हो गए हैं। एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट और तेनुआ टोल प्लाजा से पहले हाईवे पर दोनों टोल प्लाजा के लोग खड़े होकर अपनी-अपनी सड़क की खूबियां गिना रहे हैं।

दोनों ओर से लखनऊ की यात्रा होती है इसलिए वे अधिक-अधिक वाहनों को अपनी सड़क की ओर डायवर्ट करने में लगे हैं। इस मामले में तेनुआ टोल प्लाजा प्रबंधन ने एनएचएआई कार्यालय में शिकायत भी की है। भगवानपुर टोल प्लाजा को पार करने वाले वाहन पूरी 91 किमी दूरी तय करके पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ जा रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर एक्सप्रेसवे की टोल कंपनी मुंबई की है, जबकि तेनुआ टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों से जमा टोल टैक्स से हाईवे की टोल प्लाजा कंपनी को फायदा हो रहा है। बता रहे हैं खूबियां और परेशानियां हाईवे पर खड़े लोग वाहन चालकों को बेवजह रोक रहे हैं और उन्हें अपनी खूबियां और दूसरी सड़क पर होने वाली परेशानियां बता रहे हैं। एक्सप्रेसवे की ओर वाहनों को डायवर्ट करने में लोग बता रहे हैं कि एक्सप्रेसवे पर साढ़े तीन घंटे में लखनऊ की दूरी तय हो रही है, जबकि टोल टैक्स में ज्यादा अंतर नहीं है। इसी प्रकार हाईवे के लोग वाहनों को डायवर्ट होने से रोकते हुए अपनी बातें कह रहे हैं। उनका तर्क है कि हाईवे के किनारे होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्पिटल एवं पेट्रोल पंप सहित अन्य सुविधाएं हैं, जबकि एक्सप्रेसवे पर 91 किमी तक इन सुविधाओं का अभाव है। इसमें पेट्रोलिंग टीम की कमजोरियां भी बताई जा रही हैं। खड़े रहते हैं रैंप पर कुशीनगर-लखनऊ हाईवे पर जहां से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे शुरू हो रहा है, उसे रैंप कहा जाता है। तकनीकी रूप से रैंप एक्सप्रेसवे की सड़क है, जहां एक्सप्रेस वे के लोग खड़े रहे हैं, जबकि तेनुआ टोल प्लाजा के लोग हाईवे पर खड़े दिख रहे हैं। इस मामले में शिकायत पर पेट्रोलिंग टीम वाहनों को अवैध रूप से डायवर्ट कराने वालों को हटा चुकी है। कुशीनगर-लखनऊ हाईवे पर बने तेनुआ टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से वाहनों को डायवर्ट करने की शिकायत मिल रही है। वाहनों को डायवर्ट करने की बजाए उन्हें स्वेच्छा से आने-जाने के लिए स्वतंत्र छोड़ देना चाहिए। इस मामले में बात की जाएगी। -ललित प्रताप पाल, पीडी, एनएचएआई

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


