कामकाज ठप, सुरक्षा मानकों का कर रहे पालन
Gorakhpur News - सचित्र खाड़ी देशों में ठहरा जीवन, तनावपूर्ण महौल में लोग अपने-अपने घरों में बंद स्थानीय

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल संघर्ष के खाड़ी देशों तक फैलने से यहां जीवन-यापन कर रहे भारतीय भी तनाव में है। लोग अपने-अपने घरों में बंद हैं। जब-तब होने वाले धमाकों सभी भयाकुल हैं। कई इलाकों में कामकाज पूरी तरह ठप है। एयरस्पेस बंद होने की वजह से कई लोगों का पर्व खराब हो गया है। हालांकि इन देशों की सरकार द्वारा मोबाइल पर मैसेज व सायरन के माध्यम से सभी को लगातार सचेत किया जा रहा है। हर कोई सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन कर रहा है। सरकारी निर्देशों का कर रहे पालन दुबई में रहकर काम करने वाले और मूल रूप से देवरिया क्षेत्र के करौंदी (भलुअनी) के रहने वाले अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि शुरू में बिगड़े हुए माहौल से थोड़ा डर लगा था, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद सब सामान्य-सा लगने लगा है।
यहां अलग-अलग क्षेत्रों की अलग-अलग कहानी है। औद्योगिक क्षेत्र जुबैल सिटी में काम करने वाले गोरखपुर के रहमत नगर रहने वाले नूर वारसी ने बताया कि उनके इलाके में स्थिति सामान्य है। मेरे भाई इनामुल्लाह वारसी के अलावा कई जानने वाले दुबई के अन्य शहर में हैं। वहां भी स्थितियां लगभग सामान्य हैं। सरकार पूरी तरह से आवाम के साथ खड़ी है और लोग सरकारी निर्देशों का पालन कर रहे हैं। वहीं, गोरखपुर के रहने वाले अहबाब ने बताया कि उनके अब्बा औद्योगिक क्षेत्र जुबैल सिटी में रहते हैं। शुरू में थोड़ी चिंता हुई, लेकिन वहां पर किसी तरह की समस्या नहीं है। प्रतिदिन अब्बा से बात हो रही है। हवा में ही नष्ट हो जा रहीं ज्यादातर मिसाइलें कुवैत के मंगाफ में काम करने वाले और गोरखपुर के पादरी बाजार इलाके के रहने वाले आनंद पांडेय बताते हैं कि स्थिति कुछ तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन यहां की सरकार काफी सक्रिय है। जब-तब धमाकों की आवाजें आती हैं लेकिन ज्यादातर मिसाइलें हवा में ही नष्ट हो जा रही हैं। सबसे अच्छी बात है कि संघर्ष और तनाव के बावजूद भी यहां किसी भी सामान का मूल्य नहीं बढ़ाया गया है। सरकार सभी का देखभाल कर रही है। इसके अलावा, भारतीय दूतावास का कार्य भी सराहनीय है। यहां हर कोई सरकार की ओर से जारी किए गए गाइडलाइन का पालन कर रहा है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों कामकाज पूरी तरह बंद हैं तो कुछ इलाकों में सब सामान्य है। यहां सरकार के सहयोग की वजह से सभी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आनंद का परिवार मूलत: रुद्रपुर, देवरिया का है। जल्द ही स्थितियां सामान्य होने की उम्मीद दुबई में बैंक ऑफिसर के पद पर कार्यरत शिशिर सहाय मूलत: गोरखनाथ स्थिति हुमायूपुर उत्तरी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थितियां प्रतिकूल अवश्य हैं, लेकिन सरकारी सहयोग की वजह से सब ठीक है। मिसाइलों के धमाके किसी को क्षति नहीं पहुंचा पा रहे। समय-समय पर मोबाइल पर अलर्ट मेसेज फ्लैश हो रहे हैं। हर कोई सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कर रहा है। सभी का कामकाज रुका हुआ है। वहीं, कुछ इलाकों में सब सामान्य बना हुआ है। कुछ स्थानों पर रेस्तरां सहित अन्य खाने-पीने के स्टोर खुले हुए हैं। उनका मानना है कि जल्द ही स्थितियां पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी। पर्व के दौरान बजे ज्यादा सायरन इजराइल के यरूशलम में रहने वाले कुशीनगर के युवक ने बताया कि मंगलवार को यहूदियों का प्रमुख त्योहार पुरिम मनाया गया। इस दौरान सायरन और अलर्ट अपेक्षाकृत अधिक सुनाई दिए। बताया कि धमाकों की आवाजें अब भी जब-तब सुनाई दे रही हैं। लेकिन उससे किसी को कोई नुकसान नहीं है। अलर्ट के बाद सभी बंकर में आश्रय ले रहे और स्थिति सामान्य होते ही बाहर आ रहे हैं। धमाके ने सहमा दिया था, अब स्थिति ठीक दुबई के डीआईसी थ्री में पेंटिंग का काम कर रहे संतोष मौर्या ने बताया कि आसपास के इलाकों में बमबारी हुई है, लेकिन यहां स्थिति सामान्य है। हालांकि जब-तब धमाकों की आवाजें आती रहती हैं। सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं। इसके अलावा, दुबई में प्लंबरिंग का काम कर रहे अशोक कुमार गौड़ ने बताया कि घर वालों से बात कर उन्हें अपने ठीक होने की सूचना देने के बाद मन थोड़ा हल्का हुआ। वहीं, जबलाली फरको में सटरिंग का काम कर रहे अनिल गौड़ और दोहा कतर में काम करने वाले अमरनाथ गौड़ ने बताया कि दो दिन पहले हालात अधिक खराब हो गए थे। अभी यहां सब ठीक है। मंगलवार को ये अपने-अपने काम पर भी गए थे। ये सभी लोग चौरीचौरा स्थित अमकोल गांव के रहने वाले हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


