अबूधाबी में गए थे कंसर्ट करने, 12 लोगों का ग्रुप फंसा
Gorakhpur News - गोरखपुर के 12 लोग अबूधाबी में फंसे हैं। 28 फरवरी को कंसर्ट के बाद 1 मार्च को दिल्ली के लिए उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई। आयुष रतन के पिता ने बताया कि होटल में उनकी टीम सुरक्षित है और मिसाइलों की आवाज सुनाई दे रही है, लेकिन कोई खतरा नहीं है।

गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव का असर अबूधाबी से लेकर कुवैत और सऊदी अरब तक में है। इन सबके बीच अबूधाबी में म्यूजिक कंर्सट के लिए गए 12 लोगों का ग्रुप फंस गया है। 28 फरवरी को कंसर्ट के बाद मार्च को अबूधाबी से फ्लाइट दिल्ली के लिए थी, लेकिन अचानक हुए हमले के बाद फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इसके बाद से 12 लोगों का ग्रुप अबूधाबी के एक होटल में फंसा हुआ है। इनमें गोरखपुर के भेड़ियागढ़ के रहने वाले आयुष रतन भी शामिल हैं। आयुष रतन के पिता रतन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बेटा साउंड इंजीनियर है।
उसकी टीम का 28 फरवरी को अबूधाबी में कंसर्ट था। एक मार्च को फ्लाइट थी, लेकिन अचानक फ्लाइट कैंसिल हो गई। हमले के बाद पूरी टीम अबूधाबी के एक होटल में रुकी हुई है। सुबह शाम बेटे से बातचीत हो रही है। बेटे ने बताया कि होटल में मिसाइल और फाइटर जेट के उड़ने की आवाज सुनाई दे रहा है लेकिन घबराने वाली बात नहीं है। पूरा बाजार खुल रहा है। होटल में भी सुविधाएं मिल रही है। अब तक खतरे की कोई नौबत नहीं आई है। उड़ान सेवा शुरू होते ही पूरी टीम वतन वापसी करेगी। गुलरिहा के रहने वाले ऋषिकेश गुप्ता कुवैत में कारपेंटर का काम करते हैं। पिता मुन्नालाल ने बताया कि हमले के पहले दिन बेटा खुद ही डर गया था, लेकिन अब स्थिति ठीक है। जहां पर बेटा रहता है वहां से करीब आठ से दस किलोमीटर दूर हमले हुए हैं। बेटे के इलाके में लोग सुरक्षित है। सऊदी एयरलाइंस से 43 लोगों का ग्रुप जेद्दा से लौटा टूर एंड ट्रैवेल का काम करने वाले हाजी इब्तदा हुसैन ने बताया कि सऊदी के कुछ इलाकों में तनाव है। लेकिन, सऊदी के जेद्दा में हालात सामान्य है। 28 फरवरी 43 लोगों का ग्रुप उमरा करके जेद्दा से लौटा है। बताया कि सऊदी एयरलाइंस की लखनऊ से सीधी फ्लाइट है। लेकिन, मुंबई से जेद्दा के बीच उड़ानें स्थगित है। यही कारण है कि 36 लोगों का ग्रुप उमरा जाने वाला था लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने की वजह से वह जा नहीं पाए। अब इन सभी को लखनऊ से सीधे जेद्दा भेजने की तैयारी की जा रही है। बताया कि जेद्दा में कई उमरा करने वाले लोग गए हैं, लेकिन किसी ने कही कोई दिक्कत की बात नहीं बताई है। जेद्दा में हालात एकदम सामान्य है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



