
मां की डांट से आहत किशोर ने खाया ज़हरीला पदार्थ, हालत गंभीर
Gorakhpur News - पीपीगंज क्षेत्र में मां की डांट से क्षुब्ध होकर एक 16 वर्षीय किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी हालत गंभीर है। वह हाल ही में एक किशोरी के साथ घर से भागा था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को बरामद किया था। इसी बात पर मां द्वारा फटकार लगाने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के 16 वर्षीय किशोर ने मां की डांट से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी और बगल के गांव का 16 वर्षीय किशोर लगभग 15 दिन पूर्व घर से फरार हो गए थे।
दोनों की काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर किशोरी के परिजनों ने पीपीगंज थाने में किशोर के विरुद्ध लिखित तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाने लाकर समझा बुझाकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया था। बताया जा रहा है कि करीब पांच दिन पहले किशोर की मां ने उसे यह कहकर डांट फटकार लगाई कि अभी हाल ही में पुलिस पकड़कर लाई थी फिर भी उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ।
मां की डांट से आहत होकर किशोर ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। किशोर की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे पीपीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल किशोर मेडिकल कॉलेज में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




