एमएमएमयूटी छात्र को लगे 20 टांके, हड्डियों को स्क्रू और प्लेट से जोड़ा
Gorakhpur News - गोरखपुर के एमएमएमयूटी में बीटेक छात्र पर साथी छात्र ने जानलेवा हमला किया था। एम्स के मैक्सिलोफेशियल यूनिट ने छात्र की गंभीर चोटों की सफल सर्जरी की। 20 से अधिक टांके लगाकर चेहरे और जबड़े की हड्डियों को जोड़ा गया। सर्जरी सफल रही और छात्र की स्थिति अब स्थिर है।

एम्स के मैक्सिलोफेशियल यूनिट ने की सफल सर्जरी, छात्र सर्जरी के बाद स्वस्थ एमएमएमयूटी के हॉस्टल में छात्र के ऊपर साथी छात्र ने किया था जानलेवा हमला गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के एक इंजीनियरिंग छात्र के चेहरे और जबड़े की चोटों के बाद एम्स में सही समय पर इलाज कर जान बचाई है। छात्र का दंत रोग विभाग की मैक्सिलोफेशियल यूनिट ने सफल जटिल सर्जरी की है। 20 से अधिक टांके लगाकर हड्डियों को स्क्रू और प्लेट से जोड़ा है। सर्जरी के बाद मरीज स्वस्थ है। प्रयागराज का रहने वाला 19 वर्षीय बीटेक प्रथम वर्ष (कंप्यूटर साइंस) का छात्र विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
रात में ही साथ रहने वाले हॉस्टल के छात्र ने हमला बोल दिया। इस घटना में छात्र के चेहरे, जबड़े और सिर में गंभीर चोटें आईं थी, जिसके बाद उसे तत्काल एम्स की की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में चेहरे की हड्डियों के कई स्थानों पर फ्रैक्चर तथा सिर में गहरी चोटें आई थी। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन एवं असिस्टेंट प्रो. डॉ. शैलेश कुमार ने एनेस्थीसिया टीम के सहयोग से तत्काल सर्जरी की। लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस जटिल सर्जरी में टूटी हुई जबड़े और चेहरे की हड्डियों को स्क्रू और प्लेट की सहायता से सफलतापूर्वक जोड़ा गया। साथ ही सिर में आए घावों को ठीक करने के लिए 20 से अधिक टांके लगाए गए। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और वर्तमान में छात्र की स्थिति स्थिर है। वह दंत विभाग की मैक्सिलोफेशियल यूनिट में विशेषज्ञों की निगरानी में है। निदेशक एवं सीईओ सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. प्रो. विभा दत्ता ने डॉ. शैलेश कुमार एवं उनकी पूरी टीम को सफल ऑपरेशन के लिए बधाई दी है। साथ ही मरीज के स्वास्थ्य की नियमित जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। दंत विभाग के डॉ. श्रीनिवास ने सफल सर्जरी पर पूरी टीम की सराहना की है। सर्जरी में दंत विभाग के सीनियर रेजीडेंट डॉ. प्रवीण कुमार, जूनियर रेजिडेंट डॉ. प्रियंका, डॉ. सुमित और डॉ. सौरभ, एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. संतोष शर्मा, डॉ. भूपिंदर सिंह, डॉ. सीमा सहित नर्सिंग ऑफिसर पंकज देवी एवं प्रतिभा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


