भोजपुरी संगोष्ठी में संस्कृति, परंपरा और समकाल पर हुआ मंथन
Gorakhpur News - गोरखपुर में भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया 'भाई' द्वारा आयोजित एक दिवसीय भोजपुरी संगोष्ठी का सफल आयोजन हुआ। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने लोक कलाओं के संरक्षण की अपील की। डॉ. वर्षारानी बिसेसर को 'मैनावती देवी लोक गायिका राष्ट्रीय सम्मान' से सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में भोजपुरी संस्कृति पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।

गोरखपुर, निज संवाददाता। भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया “भाई” के तत्वावधान में शनिवार को आर्य नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित एक दिवसीय भोजपुरी संगोष्ठी दोपहर 2:30 बजे से सायं 6 बजे के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। संगोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति गोविवि प्रो. पूनम टंडन ने की। उन्होंने लोक कलाओं को बचाने व उन्हें संवर्धित करने के लिए आग्रह किया। इस दौरान भोजपुरी लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके प्रचार-प्रसार में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ. वर्षारानी बिसेसर को “मैनावती देवी लोक गायिका राष्ट्रीय सम्मान” से सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत डॉ रूप कुमार बनर्जी ने भाई का पटका ओढ़ा कर किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मॉरीशस की प्रख्यात लोकगायिका एवं भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन की अध्यक्ष डॉ. वर्षारानी बिसेसर रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, महापौर, गोरखपुर उपस्थित रहे। डॉ. वर्षा रानी विशेषर ने कहा कि भारत व मॉरीशस की सांस्कृतिक परम्पराएं एक हैं। हम एक ही लोक संस्कृति को धारण करने वाले लोग हैं। डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भोजपुरी को आगे बढ़ती भाषा बताया जिसका गहरा भविष्य है। संगोष्ठी के प्रथम सत्र में “भोजपुरी संस्कृति, परंपरा और समकाल” विषय पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्य वक्ता हिंदी विभाग नालंदा विश्वविद्यालय एवं पूर्व अध्यक्ष प्रो. रवीन्द्र नाथ श्रीवास्तव “परिचय दास” ने अपने संबोधन में भोजपुरी संस्कृति की ऐतिहासिक परंपरा और उसके समकालीन संदर्भों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा प्रो. दीपक त्यागी, प्रो. प्रभाकर सिंह और वंदना श्रीवास्तव ने भी अपने विचार प्रस्तुत कर संगोष्ठी को समृद्ध किया। संगोष्ठी के द्वितीय सत्र में “गीत-गवनई” कार्यक्रम के अंतर्गत भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया “भाई” के कलाकारों द्वारा पूर्वांचल के विवाह संस्कारों की संगीतमयी प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन शिवेन्द्र पांडेय एवं “भाई” के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में पुष्प दन्त जैन, डॉ संजयन त्रिपाठी, डॉ सुरेश, त्रिभुवन मणि त्रिपाठी, हरि प्रसाद सिंह, श्रीनारायण पांडेय, दिनेश गोरखपुरी, कीर्ति रमन दास, चन्द्रेश्वर शर्मा परवाना, शिव जी सिंह सहित तमाम दर्शक उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




