Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsStudents Protest for Justice in Gorakhpur School After Teacher s Tragic Death
नवोदय में उबाल: ‘जस्टिस फॉर अभय सर’ के नारे, प्रिंसिपल हटाने तक धरने की दी चेतावनी

नवोदय में उबाल: ‘जस्टिस फॉर अभय सर’ के नारे, प्रिंसिपल हटाने तक धरने की दी चेतावनी

संक्षेप:

Gorakhpur News - गोरखपुर, निज संवाददाता। पीपीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह से हालात तनावपूर्ण

Feb 10, 2026 12:15 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

गोरखपुर, निज संवाददाता। पीपीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार सुबह से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। कक्षा 9 से 12 तक के छात्र विद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। हाथों में दफ़्ती, बैनर और पोस्टर लिए छात्र नारेबाजी करते दिखे। बैनरों पर ‘जस्टिस फॉर अभय सर’, ‘प्रिंसिपल की तानाशाही’ 'खूनी प्रिंसिपल्स जैसे नारे लिखे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक प्रिंसिपल को हटाए नहीं जाएंगे, धरना समाप्त नहीं होगा। धरने के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई। संयोग से विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगा हुआ था। दो डॉक्टरों की टीम ने बेहोश हुई छात्र की मौके पर देखरेख की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

विद्यालय में 500 से अधिक छात्र हैं और लगभग सभी धरने में शामिल हैं। दरअसल, एक सप्ताह पहले खराब भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने विरोध किया था। इस दौरान 15 छात्रों को उनके अभिभावकों को बुलाकर घर भेज दिया गया था, जो तीन दिन बाद लौटे। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शनिवार को नवोदय के शिक्षक अभय सिंह की बस्ती से विद्यालय आते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। छात्रों और कुछ शिक्षकों ने इसके लिए प्रिंसिपल को जिम्मेदार ठहराया है। इस बीच शिक्षक अभय सिंह की पत्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसकी सत्यता हिन्दुस्तान अखबार पुष्टि नहीं करता। वीडियो में उन्होंने बताया कि मांगलिक कार्य के लिए तीन दिन की छुट्टी मांगी गई थी, लेकिन दो दिन ही मिली। तनाव में अभय सिंह सुबह पांच बजे ड्यूटी के लिए निकले और हादसा हो गया। उन्होंने प्रिंसिपल पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। वहीं, प्रिंसिपल ने कहा कि दो दिन की छुट्टी दी गई थी और शनिवार को कक्षा 9 व 11 की प्रवेश परीक्षा में ड्यूटी होने के कारण बुलाया गया था। नाम न छापने की शर्त पर अन्य शिक्षकों ने बताया कि कुल 30 शिक्षकों में से केवल छह की ड्यूटी लगाई गई थी और शिक्षक अभय के बिना भी कार्य संभव था। फिलहाल प्रिंसिपल किसी कारणवश छुट्टी पर हैं। विद्यालय का माहौल पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। ........... ....उत्तरपुस्तिका में लिखा जस्टिस फॉर अभय सर इस बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया जा रहा है कि नवोदय विद्यालय में चल रही यूनिट परीक्षा के दौरान कक्षा 11 के छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। उत्तर पुस्तिकाओं में प्रश्नों के जवाब लिखने के बजाय ‘जस्टिस फॉर अभय सर’ लिखा गया है। कई कॉपियां पूरी तरह खाली छोड़ी गई हैं। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि हिन्दुस्तान नहीं करता।