
नवोदय के छात्रों खराब भोजन को लेकर किया प्रदर्शन, काउंसलिंग के लिए भेजा घर
Gorakhpur News - विद्यालय प्रशासन ने 15 छात्रों को काउंसलिंग के लिए भेजा घर -एसडीएम बोले स्थिति सामान्य
पीपीगज/अकटहवा हिटी पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 15 मुंशी प्रेमचंद नगर जंगल अगही स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार की रात मेस में खराब भोजन को लेकर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। विद्यालय के सीनियर हॉस्टल शिवालिक अरावली नीलगिरी व उदयगिरि में रहने वाले बडी संख्या में छात्रों ने शाम करीब सात बजे से रात दस बजे तक विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी तोड़फोड़ और पथराव किया। छात्रों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से घटिया व गुणवत्ता विहीन भोजन परोसा जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए जिनमें कुछ आपत्तिजनक नारे भी शामिल थे।
सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद रात करीब दस बजे छात्रों ने भोजन किया। विद्यालय प्रशासन ने खराब भोजन को लेकर आंदोलन में शामिल 15 छात्रों को घर भेज दिया। जिससे छात्रों में और नाराजगी देखी जा रही है। नाम न छापने की शर्त पर छात्रों ने बताया कि मेस में कंकड़ मिला चावल पानी जैसी पतली दाल पानी मिला दूध और खराब सब्जी दी जा रही है जिससे कई छात्रों की तबीयत खराब हो रही है। छात्रों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई जिसके चलते आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें विद्यालय से बाहर निकालने की धमकी दी जा रही है जो उनके भविष्य और स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी कैम्पियरगंज सिद्धार्थ पाठक ने बताया कि छात्रों के आंदोलन की सूचना मिलने पर तहसीलदार को मौके पर भेजा गया था। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और फिलहाल हालात सामान्य हैं। विद्यालय प्रशासन को छात्रों के भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। इन छात्रों को तीन दिन के लिए घर भेजा गया है। काउंसलिंग के बाद अभिभावक उन्हें वापस हॉस्टल लाएंगे। हीटर जलाने और मोबाइल उपयोग पर सख्ती बढ़ने से छात्रों ने झूठा आरोप लगाया है। - एस. के. सक्सेना, प्रिंसिपल

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




