छात्र की पिटाई के आरोप से स्कूल में हंगामा, 11 शिक्षक थाने पहुंचे; जांच शुरू
Gorakhpur News - गोरखपुर के शाहपुर में एक इंटर कॉलेज के छात्र ने विज्ञान परीक्षा के दौरान मात्रा की गलती पर शिक्षक द्वारा पिटाई का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा शिक्षक को पूछताछ के लिए बुलाने पर 11 अन्य शिक्षक भी समर्थन में थाने पहुंच गए, जिससे वहां तनाव बढ़ गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शाहपुर क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में सोमवार को कक्षा नौ के छात्र की कथित पिटाई का मामला गुरुवार को तूल पकड़ लिया। छात्र की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने संबंधित शिक्षक को पूछताछ के लिए बुलाया तो उनके समर्थन में कॉलेज के 11 शिक्षक भी थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से माहौल गरमा गया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। बशारतपुर खरैया पोखरा निवासी छात्र का आरोप है कि सोमवार को विज्ञान की परीक्षा के दौरान कॉपी के अंतिम पृष्ठ पर लिखे एक शब्द में मात्रा की गलती हो गई थी।
आरोप है कि कक्ष निरीक्षक की नजर पड़ते ही वह नाराज हो गए और छात्र की पिटाई कर दी। छात्र का आरोप है कि मारपीट में उसके कान पर चोट आई। घर पहुंचकर उसने परिजनों को जानकारी दी। मंगलवार को परिजन विद्यालय पहुंचे तो वहां भी तीखी नोकझोंक हुई। इस मामले में छात्र ने गुरुवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिक्षकों का कहना है कि छात्र पहले परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया था, जिस पर उसे सख्ती से चेतावनी दी गई थी।
आरोप है कि अगले दिन उसने उत्तर पुस्तिका में शिक्षक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी लिखी थी। समझाने के लिए बुलाने पर वह भड़क गया और कुछ साथियों के साथ स्कूल पहुंचकर शिक्षक को धमकाया और चाकू लेकर मारने के लिए दौड़ाया। यहां तक कि शिक्षक के घर तक जाने की बात कही गई। हालांकि इस संबंध में शिक्षकों का दावा है कि पहले कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई थी केवल मौखिक रूप से सूचना दी गई थी ताकि पुलिस छात्र को बुलाकर समझाए। थाना अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




