ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरशपथ ग्रहण से पहले बोले मेयर: मुख्यमंत्री के शहर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

शपथ ग्रहण से पहले बोले मेयर: मुख्यमंत्री के शहर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

नवनिर्वाचित महापौर सीताराम जायसवाल ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर को साफ-सुथरा एवं विकसित बनाने को लेकर सोमवार को अपने कैंप कार्यालय पर मंथन किया। महापौर ने निगम के अधिकारियों से दो टूक कहा कि...

शपथ ग्रहण से पहले बोले मेयर: मुख्यमंत्री के शहर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कार्यालय संवाददाता, गोरखपुर Tue, 12 Dec 2017 09:00 AM
ऐप पर पढ़ें

नवनिर्वाचित महापौर सीताराम जायसवाल ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर को साफ-सुथरा एवं विकसित बनाने को लेकर सोमवार को अपने कैंप कार्यालय पर मंथन किया। महापौर ने निगम के अधिकारियों से दो टूक कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री का शहर है। उन्हें यहां की हर गलियों का पता है। इसलिए किसी तरह की लापरवाही व कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कार्य हो रहे हैं वह हकीकत में दिखने चाहिए। 

आमंत्रण पत्र देने पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों को महापौर ने गिनाई अपनी प्राथमिकताएं
10 करोड़ कीमत की 200 गाड़ियां जल्द मिलेगी गोरखपुर को

 सोमवार को जीडीए टावर स्थित कैंप कार्यालय पर नगर आयुक्त महापौर सीताराम जायसवाल को शपथ ग्रहण का आमंत्रण पत्र देने पहुंचे थे। महापौर ने नगर आयुक्त को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, जर्जर सड़कों को ठीक करने, नालियों की नियमित सफाई और जनसमस्याओं को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। महापौर ने सवाल किया कि नगर निगम में इतने संसाधन होने के बाद भी सड़कों पर कूड़ा नालियों में सिल्ट क्यों नजर आ रहा है। सीताराम ने कहा मिलजुल कर मुख्यमंत्री के  शहर को विकसित किया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण-18 की तैयारियों पर पूछने पर नगर आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर हम तैयार हैं। जगह-जगह सार्वजनिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। चौराहों का सुंदरीकरण किया जा रहा है। 

सफाई कर्मियों की निगरानी पर जोर
महापौर ने कहा कि सफाई कर्मियों पर भी निगरानी की जरूरत है। वार्डों में सफाई कर्मियों के न पहुंचने की शिकायत आम हो गई है। एक रजिस्टर बनाइए जिसमें सफाई कर्मी का नाम, वार्ड का नाम, मोबाइल नंबर और पता दर्ज हो। अगर जनता सफाई से खुश नहीं है तो हम खुश रहेंगे और न मुख्यमंत्री। अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा ने बताया कि सफाई कर्मियों की निगरानी की जा रही है। जल्द ही नियमित सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक हाजिरी लगने लगेगी। सीताराम ने कहा कि ऐसी चीजों में पैसा न लगाएं जिसका हम मेनटेनेंस नहीं कर सकते। उन्होंने सभी गाडिय़ों में जल्द जीपीएस लगाने का निर्देश दिया। 
 
महापौर के निर्देश पर जुबिली रोड पहुंची नगर निगम की टीम
नगर आयुक्त ने महापौर ने जुबिली रोड और सिनेमा रोड की गंदगी को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि दिन में 12 बजे भी सड़क पर कूड़ा दिखना नगर निगम की लापरवाही है। जिसके बाद नगर आयुक्त ने तत्काल दोनों स्थानों पर टीम भेजकर सफाई करवाई। 

नौसढ़ में नोएडा की तर्ज पर बनेगा भव्य गेट
नगर निगम ने महापौर को बताया कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर गोरखपुर शहर की तरफ आने वाली सभी सड़कों का सुंदरीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में नौसढ़ में एक गेट नोएडा के तर्ज पर बनाया जाएगा। गोरखपुर की तरफ आने वाली सभी सड़कों को विकसित करेगें।

10 करोड़ कीमत की 200 गाड़ियां जल्द निगम को मिलेगीं
नगर आयुक्त ने बताया कि 10 करोड़ रुपये के नए संसाधन मिलने वाले हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए शासन से 200 छोटी गाडिय़ां मिल रही है। कुछ गाडिय़ां आ भी चुकी हैं। घर से ही कूड़ा उठाने पर जोर होगा। इंदौर के तर्ज पर पूरे शहर में सफाई होगी। कूड़ा जमीन पर नहीं आएगा बल्कि उसे वाहन टू वाहन डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महेसरा में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए लखनऊ से टेंडर निकल गया है। 30 दिसंबर तक टेंडर फाइनल हो जाएगा। कूड़े से पांच मेगावाट बिजली तैयार होगी।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें