Gorakhpur News: सपा नेताओं की मारपीट में गैर जमानती वारंट का प्रार्थना पत्र खारिज
Gorakhpur News: गोरखपुर में शास्त्री चौक स्थित प्रेस क्लब में तीन अक्टूबर को सपा नेताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को अदालत से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट की प्रार्थना पत्र को नामंजूर कर दिया है और साक्ष्य एकत्र करने का निर्देश दिया है।

Gorakhpur News: गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। शास्त्री चौक स्थित प्रेस क्लब सभागार में तीन अक्टूबर को सपा नेताओं के बीच हुई मारपीट के मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को फिलहाल अदालत से राहत नहीं मिली है। कैंट थाने के एसएसआइ विनोद सिंह ने पूर्व चेयरमैन अंशुमान सिंह और उनके बेटों कमलेश व विमलेश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने इसे नामंजूर करते हुए विवेचक को पहले मामले में साक्ष्य एकत्र करने का निर्देश दिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। तीन अक्टूबर को प्रेस क्लब सभागार में सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम की प्रेस वार्ता के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था।
देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। पूर्व सपा जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी की तहरीर पर कैंट थाने में अंशुमान सिंह, उनके दोनों बेटों और सहयोगियों के खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, धमकी और बलवा समेत धाराओं में केस दर्ज हुआ था।पुलिस के मुताबिक, अंशुमान सिंह और उनके दोनों बेटे अभी गिरफ्त से बाहर हैं। इसी घटना को लेकर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष की तहरीर पर भी केस दर्ज है, जिसमें निवर्तमान जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक समेत 12 सपा नेताओं के नाम हैं। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


