
झोलाछाप के इंजेक्शन से मासूम की मौत
Gorakhpur News - -ग्रामीणों ने किया हंगामा, पुलिस के आने से पहले फरार हुआ झोलाछाप -सिर में थी
सहजनवा (गोरखपुर), हिन्दुस्तान संवाद। सहजनवा थाना क्षेत्र के बाहिलपार गांव में इलाज के नाम पर झोलाछाप की लापरवाही से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया, जबकि झोलाछाप अपनी दुकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराया। बदायूं जिले के पृथ्वीनंगला गांव निवासी रिंकू का छह वर्षीय पुत्र पारस अपनी मां के साथ बाहिलपार गांव स्थित ननिहाल आया था। मासूम के सिर में जन्म से गिल्टी थी। परिवार के लोगों ने क्षेत्र के एक झोलाछाप से सलाह ली। उसने मात्र दस हजार रुपये में गिल्टी ठीक करने का दावा किया।

सोमवार को झोलाछाप ने कथित तौर पर गिल्टी के ऑपरेशन से पहले इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद मासूम बेहोश हो गया। परिजन उसे सीएचसी, निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज तक ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बची। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए झोलाछाप के ठिकाने पर पहुंचकर हंगामा किया। इस बीच आरोपी फरार हो गया। उधर, हंगामे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रामसूरत, एसआई राजेश सिंह और चौकी इंचार्ज दिनेश पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से बात की और शव का पोस्टमार्टम कराने की अपील की, लेकिन परिजन शव घर ले जाने पर अड़े रहे। आखिरकार पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। एसओ महेश चौबे का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीजीआई ने किया इनकार, झोलाछाप ने लिया ‘इलाज का ठेका’ मृतक के परिजनों ने बताया कि लखनऊ पीजीआई के चिकित्सकों ने भी बच्चे की गिल्टी का ऑपरेशन करने से मना कर दिया था, जिसके बाद ननिहाल वालों ने झोलाछाप से संपर्क किया। उसने मात्र दस हजार रुपये में इलाज करने का ठेका लिया। झोलाछाप ने सिटी स्कैन कराने के बाद सोमवार को इलाज शुरू किया और इंजेक्शन लगने के बाद मासूम की मौत हो गई। ‘हाथ जोड़कर मना किया था, लेकिन वह नहीं माना’ बच्चे के बाबा राणा प्रताप ने बताया कि उन्होंने झोलाछाप से हाथ जोड़कर विनती की थी कि यदि इलाज उसके बस का नहीं है तो न करे, क्योंकि बड़े डॉक्टर भी जवाब दे चुके हैं। इसके बावजूद उसने कहा कि ‘यह छोटा ऑपरेशन है, वह कर देगा।’ पोते की जान चली गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


