
दो बच्चों के पिता ने कर लिया लिंग परिवर्तन...पत्नी पहुंची कोर्ट
Gorakhpur News - बांसगांव के रहने वाले युवक की पत्नी ने मांगा हर्जाना पत्नी बोली, शुरू से नहीं
शिवम सिंह गोरखपुर। बांसगांव क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों के पिता द्वारा लिंग परिवर्तन कराए जाने के बाद वैवाहिक विवाद गहरा गया है। युवक की पत्नी ने इस पूरे प्रकरण को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और पति से हर्जाने की मांग की है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से अर्जी दाखिल की जा चुकी है और कोर्ट में सुनवाई चल रही है। पीड़ित पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति का उसके प्रति कोई लगाव नहीं था। वह आए दिन मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
पत्नी के अनुसार, पति का व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर अजीब हरकतें करता था, जिससे घर का माहौल खराब रहता था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसे और खुद को जबरन एक कमरे में अपने दो दोस्तों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पत्नी का कहना है कि इन घटनाओं से वह पूरी तरह टूट चुकी थी, लेकिन बच्चों की वजह से सब सहती रही। बाद में उसे जानकारी हुई कि पति ने चुपचाप दिल्ली में जाकर लिंग परिवर्तन करा लिया है। इस बात से वह और अधिक आहत हो गई। पीड़िता के मुताबिक, पति ने न तो परिवार को विश्वास में लिया और न ही उसे किसी तरह की जानकारी दी। इस कदम से उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह बर्बाद हो गया। पत्नी ने कोर्ट में दाखिल अर्जी में पति से आर्थिक हर्जाने की मांग करते हुए कहा है कि उसे और बच्चों को भविष्य में सामाजिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उसने पति पर धोखा देने, क्रूरता और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी न्यायालय में अपनी बात रखी गई है। पति पक्ष का कहना है कि लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और उसे व्यक्तिगत जीवन जीने का अधिकार है। कोर्ट दोनों पक्षों की दलीलों को सुन रहा है और साक्ष्यों के आधार पर मामले की सुनवाई जारी है। इस अनोखे और संवेदनशील मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल सभी की नजरें कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




