ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरआर्थिक मंदी को दूर करेंगे स्वराशि के शनि

आर्थिक मंदी को दूर करेंगे स्वराशि के शनि

आज दोपहर 12:04 बजे न्याय के देवता शनि 30 वर्ष के बाद स्वरराशि मकर में आ रहे हैं। उनके इस परिवर्तन से जहां सत्कर्म करने वाले लोगों को गरीबी और बीमारी से मुक्ति मिलेगी वहीं देश में चल रही आर्थिक मंदी...

आर्थिक मंदी को दूर करेंगे स्वराशि के शनि
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरFri, 24 Jan 2020 02:18 AM
ऐप पर पढ़ें

आज दोपहर 12:04 बजे न्याय के देवता शनि 30 वर्ष के बाद स्वरराशि मकर में आ रहे हैं। उनके इस परिवर्तन से जहां सत्कर्म करने वाले लोगों को गरीबी और बीमारी से मुक्ति मिलेगी वहीं देश में चल रही आर्थिक मंदी भी दूर होगी। उद्योग धंधों में आ रही रुकावटें दूर हो जाएंगी। ज्योतिर्विद नरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि शनि देव के इस परिवर्तन से करीब करीब सभी राशियों को लाभ होगा। ऐसे भी शनि देव किसी के स्वत: खराब नहीं होते। बुरे कर्म कर व्यक्ति स्वत: शनि को खराब कर लेता है। शनि एक ऐसे न्यायधीश है जिनके सामने गलत ढंग से सबूत और गवाह नहीं पेश किए जा सकते हैं। शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या के समय अपने द्वारा किए गए बुरे कर्मों को कबूल करने और हर शनिवार को दिन डूबते समय सरसो या तिल के तेल का दीपक जलाने तथा शनिवार को तिल, सरसों के तेल, काला कपड़ा, लोहा, उड़द की दाल आदि दान करने से शनि के प्रकोप से राहत मिलती है। वहीं हर शनिवार को दशरथ कृत शनि स्त्रोत्र का पाठ करने से विशेष लाभ होता है।

वृश्चिक से उतरेगी और कुम्भ चढ़ेगी साढ़ेसाती

ज्योतिषाचार्य जितेंद्र नाथ पाठक ने बताया कि शनि देव के 24 जनवरी को धनु राशि से मकर राशि में आने से वृश्चिक राशि को साढ़ेसाती से तो कन्या और वृषभ राशि को ढैय्या से मुक्ति मिल जाएगी। वहीं कुम्भ राशि पर सोढ़साती और तुला तथा मिथुन राशि पर ढैय्या शुरू हो जाएगी। मकर राशि पर मध्य की साढ़ेसाती होगी वहीं धनु राशि पर उतरती साढ़ेसाती रहेगी। जिन राशि के लोगों पर साढ़ेसाती और ढैय्या चलेगी उन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। किसी तरह के अति उत्साह में आकर कोई गलत कार्य करने से बचना चाहिए। अपने हर निर्णय में घर के बड़े लोगों को शामिल करना चाहिए।

सिंह और मीन राशि वालों के लिए लाभदायक समय : प़ं नरेद्र उपाध्याय

मेष : दशम भाव का स्वग्रही शनि रोजी रोजगार में तरक्की देगा, पैतृक सम्पत्ति में न्याय दिलाएगा, आप की गलत ढंग से गई सम्पत्ति वापस आएगी। रीढ़ की हड्डी संबंधी बीमारी दूर होगी। पिता को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

वृषभ : नवमेश और दशमेश शनि के भाग्य भाव में आने से भाग्यवर्धक समय शुरू हो जाएगा। रोजी रोजगार के लिए अच्छा समय है। शारीरिक और मानसिक ऊर्जा बढ़ेगी। नौकरी में तरक्की मिलेगी।

मिथुन: अष्टमेश और नवमेश शनि थोड़ी कठिनाइयां लेकर आएंगे। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। गाड़ी चलाते समय विशेष सावधानी बरते। आवेश में कोई निर्णय न लें। शोध छात्रों के लिए अच्छा समय रहेगा।

कर्क: सप्तम भाव में शनि देव के आने से जीवन साथी का विशेष सहयोग मिलेगा। वैवाहिक जीवन चली आ रहीं परेशानियां दूर होंगी। न्यायालय संबंध कार्यों में सफलता मिलेगी, बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।

सिंह: चली आ रहीं बाधाएं दूर होंगी। विरोधी आप के साथ आएंगे। शत्रु पक्ष परास्त होगा। ज्ञानार्जन का समय है। रोग व्याधियों से मुक्ति मिलेगी। धन कमाने और संचय करने के लिए अच्छा समय है।

कन्या: विद्यार्थियों और लेखकों के लिए अच्छा समय है। तकनीकी कार्य करने वाले लोगों के लिए विशेष उत्तम समय है। बीमारीयों से मुक्ति मिलेगी। तनाव दूर होंगे। निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी। संतान के लिए अच्छा समय है।

तुला: चौथे भाव में स्वराशि शनि के आने से माता के स्वास्थ्य में सुधार होगा। भूमि, भवन, वाहन की खरीदारी होगी। भौतिक सुख सम्पदा में वृद्धि होगी। भवन निर्माण का कार्य करने वाले व्यापारियों के लिए अच्छा समय है।

वृश्चिक: ऊर्जा बढ़ने से पराक्रम बढ़ेगा, नए व्यापार की शुरूआत होगी। आय के नए स्रोत बनेंगे। नाक, कान, गले संबंधी परेशानी दूर होगी। नौकरी में पदोन्नती होगी। समाज में मान सम्मान बढ़ेगा।

धनु: चली आ रही समस्याएं दूर होंगी। बैंक बैलेंस बढ़ेगा। परिवार में वृद्धि होगी। ढ़ाई वर्ष जो भी कुछ गया है सब वापस आ जाएगा। तनाव धीरे-धीरे जाता रहेगा। आय के नाए साधन मिलेंगे।

मकर: अब ऊर्जा की कमी नहीं रहेगी। रोजगार में तरक्की। रोगों से मुक्ति मिलेगी। नई साझेदारी बनेगी। शुभ कार्यों में धन खर्च होगा। लग्न में स्वराशि के शनि साढ़ेसाती में भी अच्छा फल देंगे।

कुम्भ: स्वराशि के द्वादश भाव के शनि विदेश से लाभ कराएंगे। शत्रु पक्ष पर अंकुश लगा कर रखेंगे। प्रेम संबंधों में सफलता मिलेगी। नई योजनाएं बनेंगी। तरक्की होगी।

मीन: परिवर्तन के बाद एकादश भाव के शनि नए घर और वाहन के साथ व्यवसाय में लाभ देंगे। शत्रु पक्ष पर प्रभाव बना रहेगा। वाणी पर संयम रखे। शुभ कार्यों में धन खर्च करें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें