सोलर पैनल, स्मार्टफोन-इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ेगी कीमत
फोटो: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी विभिन्न उत्पादों लागत हो रही

गोरखपुर। प्रमुख संवाददाता। चांदी और सोने की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब तकनीकी और ऑटोमोबाइल उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले समय में सोलर पैनल, स्मार्टफोन, लैपटॉप, टैबलेट और इलेक्ट्रिक कारों की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। इन उत्पादों के निर्माण में चांदी और सोने का उपयोग होता है, इसलिए कच्चे माल की महंगाई सीधे उत्पादन लागत को प्रभावित कर रही है।
सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रभाव
सोलर पैनलों और सेमीकंडक्टर निर्माण में चांदी का उपयोग किया जाता है। चांदी बिजली की बेहतरीन चालक मानी जाती है, इसलिए सोलर सेल्स में इसकी मांग सबसे अधिक रहती है। कीमतों में तेजी से सोलर ऊर्जा परियोजनाओं की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा। वहीं, स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के मदरबोर्ड, चिप्स और कनेक्टर्स में सोने की परत का इस्तेमाल होता है। सोना जंग-रोधी और बेहतर कंडक्टिविटी देने वाला धातु माना जाता है। इसकी कीमत बढ़ने से इलेक्ट्रॉनिक कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ेगी, जिससे गैजेट्स महंगे हो सकते हैं। इसके अलावा जीपीएस, कैलकुलेटर और अन्य डिजिटल उपकरणों की सर्किट एवं स्विच में भी चांदी का उपयोग होता है।
इलेक्ट्रिक वाहनों में चांदी का उपयोग
इलेक्ट्रिक वाहनों में कंट्रोल यूनिट, इंफोटेनमेंट सिस्टम और बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम में चांदी का इस्तेमाल होता है। ऐसे में इलेक्ट्रिक कारों की लागत में भी इजाफा होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कीमती धातुओं की कीमतों में यही तेजी बनी रही, तो आने वाले महीनों में तकनीकी उत्पादों और ईवी बाजार में महंगाई और बढ़ सकती है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण में चांदी का इस्तेमाल होता है हालांकि अभी गाड़ियों की कीमत पर चांदी की महंगाई का असर नहीं है। इस बीच ईवी गाड़ियों की डिमांड काफी बढ़ गई है। जनपद में अप्रैल में 16 से 20 लाख रुपये के सेगमेंट में जहां 10 मारुति की ईवी कारें बिकी थी, मई में सिर्फ 13 दिन में 25 बिक गई हैं।
-अभिषेक अग्रवाल, आर्बिट आटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड
अमेरिका-इजराइल-ईरान तनाव के कारण सोने, चांदी, गैस, पेट्रोलियम पदार्थ सभी की कीमतों में इजाफा हुआ है। 3 किलोवॉट के सोलर प्लाट पहले 1.80 लाख रुपये में लगते थे, लेकिन अब 2 लाख रुपये उचुकाने पड़ रहे हैं। प्रतिस्पर्धा और मंहगाई के बीच व्यापारी के लिए सामंजस्य बिठाना मुश्किल हो रहा।
सम्पदा होरा, प्रबंध निदेशक,तत्स्वी सोलर प्राइवेट लिमिटेड
स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के मदरबोर्ड, चिप्स और कनेक्टर्स सोने और चांदी का इस्तेमाल होता है। यही वजह है कि तमाम कम्पनियों स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट की कीमतों में पिछले दो माह में 7 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ऐसा ही माहौल रहा तो उत्पादन लागत बढ़ने से कीमतें और बढ़ेंगी।
आलिद शाह, संचालक, गणपति मोबाइल
अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के कारण पिछले दो महीने में 150 से 250 एम्पियर की बैटरी की कीमतों में पांच से छह बार में कम्पियों ने 2000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। जैसे हालात दिख रहे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपील कर रहे हैं, आने वाले दिनों में बाजार में उत्पादों की कीमत में और इजाफा होगा।
-राहुल जायसवाल, संचालक बृज बैटरी एण्ड पॉवर साल्यूशन
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


