
रोड साइड स्टेशनों का भी होगा कायाकल्प, डिजाइन तैयार
Gorakhpur News - स्टेशनों के भवन होंगे हाईटेक, स्थानीयता को मिलेगा महत्व यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी, श्रेणीवार
गोरखपुर, आशीष श्रीवास्तव रोड साइड स्टेशनों का भी अब कायाकल्प होगा। ऐसे स्टेशनों के विकास के लिए आरडीएसओ ने डिजाइन तैयार किया है। नए डिजाइन के अनुसार यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी ही, स्टेशन मास्टर, टीसी और बुकिंग र्क्लकों के लिए बेहतर कार्यालय बनेंगे। जल्द ही ऐसे स्टेशनों के लिए बजट भी जारी कर दिया जाएगा। इन रोड साइड स्टेशनों में गोरखपुर के आसपास के मगहर, सहजनवा, मानीराम, चौरीचौरा, कैम्पियरगंज, टिनिच प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आरडीएसओ के नए डिजाइन के अनुसार भवन एक और दो मंजिला होगा। जहां जैसी जगह होगी उसी के हिसाब से उसका विस्तार किया जाएगा। भूतल पर पर ऑपरेटिंग, इलेक्ट्रिकल और कामर्शियल के कार्यालय होंगे जबकि प्रथम तल को यात्रियों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। यहां वेटिंग हॉल के साथ ही खानपान के स्टॉल भी रहेंगे। भारतीय रेल में 50 साल बाद रोड साइड स्टेशनों का मैप बदलने जा रहा है।
एनईआर के 92 स्टेशन इस श्रेणी में, जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
एनई रेलवे में वर्तमान में लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मण्डल में कुल 92 स्टेशन रोड साइड हैं। इन्हें एनएसजी-5 और एनएसजी-6 में बांटा गया है। इसमें एनएसजी-5 में 17 जबकि एनएसजी-6 में 72 स्टेशन शाामिल हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के 12 स्टेशनों पर खर्च होंगे 433 करोड़
पूर्वोत्तर रेलवे 12 स्टेशनों के नव निर्माण पर कुल 433 करोड़ खर्च होंगे। इसमें स्टेशन फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, प्रसाधन, आवश्यकतानुसार लिफ्ट/एस्केलेटर, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, पार्किंग और हरित ऊर्जा का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल भवन बनाए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे में वाराणसी मण्डल के वाराणसी सिटी, बनारस, बलिया, आजमगढ़ एवं देवरिया सदर, लखनऊ मण्डल के बस्ती, बादशाह नगर, ऐशबाग एवं सीतापुर, इज्जतनगर मण्डल के लालकुआं, कासगंज एवं फर्रुखाबाद स्टेशन शामिल हैं।
-----
वे साइड स्टेशनों के भवन के लिए स्टैण्डर्ड डिज़ाइन तैयार की गई है। जिन भी स्टेशनों पर नए भवन बनाए जाएगे, वे इसी नए डिजाइन के अनुरूप बनेंगे। इससे वे-साइड स्टेशनों पर सुविधाओं में भी बढ़ोत्तरी होगी।
पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




