सेवानिवृत्त चिकित्सक को जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
Gorakhpur News - कैम्पियरगंज में एक सेवानिवृत्त चिकित्सक, डॉ. मन्नालाल गुप्ता, को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि दो घंटे के भीतर उनकी हत्या कर दी जाएगी। चिकित्सक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कैम्पियरगंज, हिन्दुस्तान संवाद कैम्पियरगंज क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त चिकित्सक को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। फोन करने वाले ने कहा कि दो घंटे के भीतर तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। धमकी से डरे चिकित्सक की तहरीर पर कैम्पियरगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही चिकित्सक के आवास और मेडिकल स्टोर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। नगर पंचायत चौमुखा के वार्ड नंबर-13, रामजानकी नगर निवासी डॉ. मन्नालाल गुप्ता दस वर्ष पूर्व स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके पुत्र अरुण गुप्ता की कस्बे के बीएमसीटी मार्ग स्थित बाजार मोड़ पर मेडिकल स्टोर है, दुकान पर सोमवार की शाम डॉ. गुप्ता बैठे थे।
आरोप है कि शाम करीब 4.19 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. गुप्ता के मोबाइल पर कॉल किया। फोन करने वाले ने पहले उनका नाम और पिता का नाम कंफर्म किया। इसके बाद कहा कि उसने उनकी कुंडली खंगाल ली है और दो घंटे के भीतर जान से मार देने की धमकी दी। अचानक मिली इस धमकी से डॉ. गुप्ता घबरा गए और उन्होंने फोन अपने पुत्र अरुण को दे दिया। अरुण ने बात की तो फोन करने वाले ने फिर वही धमकी दोहराई और कहा कि वे मारे जाएंगे। उसने कहा कि वह आ रहा है और फोन काट दिया। इस घटना से डॉ. गुप्ता और उनका परिवार काफी भयभीत हो गया। डॉ. गुप्ता अपने शुभचिंतकों के साथ थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक को पूरी घटना से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी नार्थ ज्ञानेन्द्र ने कहा, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



